- बाइक पर बैठा दूसरा युवक रखता रहा नजर
- कनाडा में रहने वाले युवक के घर पर हुई चोरी, वह घर आया हुआ था
- रैकी कर घटना को दिया अंजाम, टीमें जांच में जुटी
फोटो 46 से 50
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव नानूआना के रानियां रोड स्थित एक ढाणी में रविवार सुबह करीब 11 बजे अज्ञात चोर सेंध लगाकर 20 तोले सोने-चांदी के जेवरात सहित कनेडियन करंसी व नकदी चुराकर ले गए। एक चोर जहां बाइक पर बैठा रहा, वहीं, दूसरा मास्क व ग्ल्बस पग्कर दीवार फांदकर आया और आधे घंटे में चोरी की घटना को अंजाम दे गया।
जब परिजन घर पर लौटे तो उन्हें घटना का पता चला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो रानियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया और गहनता से जांच की। वहीं, यह सारा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
पुलिस को दी सूचना के मुताबिक, गांव नानुआना निवासी अजायब सिंह ने बताया कि उनकी रानियां रोड से एक किलोमीटर अंदर ढाणी है। उनका बेटा गगनदीप सिंह कनाडा में रहता है जो अपने गांव नानुआना आया हुआ था। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य किसी काम से रिश्तेदारी में गए थे। वह स्वयं गांव में भोग कार्यक्रम में गए थे।
अजायब सिंह ने बताया कि दोपहर को जब वह अपने घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। इसके तुरंत बाद घटना की सूचना रानियां पुलिस व परिवार के सदस्यों को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद चोरी हुए सामान की जांच की गई तो घर से 20 तोले सोना, 2000 कनेडियन करेंसी और 20 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए।
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की और पूरी घटना का जायजा लिया। सिरसा से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाकर जांच की गई।
इस संबंध में रानियां थाना प्रभारी गुरनविंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। अलग-अलग टीमें इस मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, मास्क व दस्ताने लगाकर दिया घटना को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के अंदर दो चोर सामने आए हैं। एक चोर बाइक पर घर के बाहर ही इंतजार कर रहा था। जबकि दूसरा युवक जैकेट, मास्क और ग्ल्ब्स पहनकर दीवार कूद कर घर के अंदर आया। उसने पूरी तसल्ली से पूरे घर को खंगाला। उसने अलमारियों में रखे हुए सारे सामान की जांच की। चोर ने 30 से 40 मिनट तक घटना को अंजाम देने में लगाया। उसके बाद वह दीवार फांदकर अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकला। सीसीटीवी में सामने आया है कि चोर जब घर में घूम रहा था तो उसके पास फोन भी आता है।