खुली पड़ी अलमारी व खाली पड़ा लॉकर।
सिरसा। शहर में चोरों ने विभिन्न स्थानों पर चार वारदात को अंजाम दिया है। चोर लाखों के जेवर, नकदी व सामान चुराकर ले गए। शमशाबाद पट्टी के दो मकानों में चोरी हुई है। ऐसे में लोग पुलिस की गश्त पर सवाल उठाने लगे हैं। शहर व सिविल थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।
शमशाबाद पट्टी निवासी धर्मबीर के मकान में वीरवार रात चोरी हुई। धर्मबीर ने बताया कि परिवार वाले रात करीब 12 बजे सो गए थे। सुबह उठकर देखा तो कमरे की दोनों खिड़कियां खुली हुईं थी। अंदर जाकर देखा तो अलमारी भी खुली मिली और उसमें से पांच तोले सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपये गायब मिले।
धर्मबीर का कहना है कि मकान की छत पर एक व्यक्ति के पांव के निशान भी मिले हैं। रात को कूलर चल रहा था, इसलिए पता ही नहीं चला कि कब चोर घर में घुस आए। चोरी की दूसरी घटना भी इसी मोहल्ले की है। मकान मालिक फारुख खान ने बताया कि वीरवार रात को वह मकान की छत पर सो रहा था और बच्चे नीचे सोए हुए थे। सुबह उठने के बाद देखा तो कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में से 10 ग्राम सोना, 10 हजार रुपये व एक मोबाइल गायब मिला।
बी ब्लॉक में हुई तीसरी घटना
शहर के बी ब्लॉक में तीसरी वारदात हुई। चोर यहां स्थित एक एक मकान से सोने-चांदी के जेवर,स्मार्ट वॉच व ईयरफोन चुराकर ले गए। मकान मालिक संजीव कुमार ने बताया कि वीरवार को वह डबवाली रोड स्थित प्लास्टिक क्रोकरी की दुकान पर गया हुआ था। उसकी पत्नी स्कूल में टीचर है। वह अपनी ड्यूटी पर गई हुई थी। पीछे से घर पर ताला लगाया हुआ था। दोपहर को वह घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे की अलमारी-ड्रेसिंग टेबल के दरवाजे खुले पड़े थे। इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी।
बेटे के पास चंडीगढ़ गया हुआ था मकान मालिक
चौथी वारदात खैरपुर में हुई। यहां से चोर तांबा-पीतल व स्टील के बर्तन व गुल्लक में रखे छह हजार रुपये चोरी करके ले गए। मकान मालिक गुरमेल सिंह ने बताया कि उसका बेटा सुखविंदर सिंह चंडीगढ़ में ईपीएफओ में सरकारी नौकरी करता है। वह चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में रहता है। उसकी पत्नी लाभ कौर की बायपास सर्जरी हो रखी है। वह और उसकी पत्नी दो माह से अपने बेटे के पास रहे थे। वीरवार को सिरसा पहुंचे तो मकान के अंदर का गेट खुला और ताला टूटा हुआ था। गुरमेल ने बताया कि एक साल पहले भी मकान में चोरी हुई थी।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
शहर थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों की पहचान की ली जाएगी। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शीघ्र ही ठोस सुराग हाथ लग जाएगा।