मेला ग्राउंड स्थित गली नंबर आठ में सोमवार को सीवर की सफाई व्यवस्था करने गए जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ एक व्यक्ति की ओर से उन्हें जातिसूचक गाली और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने को लेकर मंगलवार को जनस्वास्थ्य सीवरमैन शाखा सिरसा की ओर से सभी सीवरमैनों ने रोषस्वरूप कार्य बंद करके विभाग के उपमंडल अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना देकर नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर आरोपी की गिरफ्तार न हुई तो कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
गौरतलब हो कि सोमवार को मेला ग्राउंड स्थित गली नंबर आठ के लोगों ने सीवरेज समस्या को लेकर रोष प्रदर्शन किया था इसके बाद विभाग की ओर से सीवरमैन को वहां पर कार्य करने के सीवरमैन प्रेम कुमार, सुशील कुमार, शशि तथा विक्रम को भेजा। उन लोगों ने बताया कि जब वे सीवर खोलने के लिए वहां पर पहुंचे तो वहां पर एक व्यक्ति आया और कर्मचारियों को कथित तौर पर जातिसूचक गालियां देेने लगा। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा गली में दिखे तो वह सीवर का ढक्कन खोलकर किसी बच्चे को सीवर में डालकर उसके नाम से शिकायत कर देगा।
इस घटना के खिलाफ सभी सीवरमैन ने शाह सतनाम सिंह चौक स्थित पुलिस चौकी में शिकायत दी परंतु उस पर अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। रोषस्वरूप सीवरमैन यूनियन ने हरियाणा गर्वनमेंट पीडब्ल्यूडी. मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के प्रदेश महासचिव कृष्ण लाल गुर्जर को घटना से अवगत करवाया और धरना दिया व जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी करने की मांग की।
यूनियन के प्रदेश महासचिव कृष्ण लाल गुर्जर ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने व जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। धरने को प्रेम कुमार परोचा, सचिव सुशील घारू, गोबिंद, विजय कंडारा, विनोद, भजन, बिट्टू चिंडालिया, कालू, सूरजपाल, बाबूराम कंडारा, रमेश, विनोद, कालूराम, मदन बजाज, सुभाष शर्मा, पालाराम आदि ने संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि उक्त दोषी को गिरफ्तार नहीं किया जाता तो नगर के सभी सीवरमैन हड़ताल पर चले जाएंगे जिसकी सारी जिम्मेवारी स्वयं विभाग एवं पुलिस की होगी।