ओढां थाना में पुलिसके साथ तीनों आरोपी। संवाद
ओढां। पुलिस ने दो सप्ताह पूर्व गांव नुहियांवाली में हुई ट्राॅली चोरी की घटना को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों से चोरी की गई ट्राली बरामद कर ली गई है। आरोपियों ने पिकअप की किस्त भरने के लिए ट्रॉली चोरी की घटना का अंजाम दिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप भी बरामद की है।
चोर 26 फरवरी की रात्रि किसान राजेन्द्र कुमार की घर के बाहर खड़ी ट्राली पिकअप के पीछे जोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने गांव मलिकपुरा व मट्ट दादू में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें गाड़ी दिखाई दी। पुलिस ने गांव मलिकपुरा निवासी गुरप्रीत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार करते हुए गांव जलालआना निवासी मंदर सिंह व राजस्थान निवासी गुरजंट का नाम भी लिया। पुलिस ने उक्त आरोपियों को भी धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांव जलालआना निवासी मंदर सिंह ने कुछ समय पूर्व पंजाब से एक पिकअप खरीदी थी। जिसकी मंदर सिंह हर माह किस्त भरता था। आर्थिक तंगी की वजह से उसे दिक्कत आ रही थी। उसने गाड़ी की किस्त भरने के लिए गांव मलिकपुरा निवासी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर ट्राली चोरी की घटना को अंजाम दिया। गुरप्रीत ने बेरोजगारी के चलते मंदर का साथ दिया। उन्होंने ट्राॅली चोरी कर गुरप्रीत के मामा गांव चक 23 जेजे 6जी (राजस्थान) निवासी गुरजंट उर्फ जग्गा के घर पहुंच गए और वहां खड़ी कर दी।
नुहियांवाली व जलालआना से 2 ट्रालियां चोरी हुई थीं। पुलिस ने जांच के बाद 3 आरोपियों को काबू किया। आरोपियों ने 2 घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों से चोरीशुदा दोनों ट्रालियां व घटना में प्रयुक्त पिकअप की बरामदगी की गई है। सुरेश कुमार, थाना प्रभारी (ओढां)।