लॉकडाउन में प्रशासन ने जिले में लोगों को राशन वितरण, भोजन, दवाईयां आदि जरूरतमंदों चीजों के लिए सर्वे का काम शुरू किया है। इस सर्वे के लिए यूनिट लेवल कमेटी का गठन किया गया है। यूनिट लेवल कमेटी में एक बीएलओ, दो सोशल वर्कर्स को शामिल किया गया।
यूनिट लेवल कमेटी ने वीरवार को शहर में सर्वे का काम शुरू कर दिया। सुबह कमेटी सदस्यों को परफॉर्मा के साथ सैनिटाइजर और मास्क भी दिए गए। शहर के 31 वार्ड में करीब 130 पोलिंग बूथ है। पोलिंग बूथ के आधार पर ही 130 यूनिट लेवल कमेटी का गठन किया गया है। जो कि घरों में अकेले रह रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बेसहारा लोगों की मदद के लिए सर्वे करेगी। सर्वे में लोगों में यूनिट लेवल कमेटी पता करेगी कि जरूरत मंद लोगों को सूखा राशन चाहिए या पका हुआ भोजन। जिन लोगों के पास राशन कार्ड है, उन्हें अप्रैल महीने का राशन मुफ्त में दिया जाएगा। जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है उन लोगों को समाज सेवी संस्थाओं से राशन मुहैया करवाने का प्रयास करेगी। इसके अतिरिक्त यदि समाज सेवी संस्थाओं के पास राशन नहीं है तो सरकारी पैसे से उन्हें राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को दी जाएगी, इसकी मानिटरिंग सेक्टर लेवल कमेटी करेगी।
हर कमेटी में छह सदस्य शामिल
सिरसा शहर में कुल 10 सेक्टर लेवल कमेटी बनाई गई है। जिसमें कि छह सदस्यों को शामिल किया गया। जिसमें पार्षद, सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। सेक्टर लेवल कमेटी के ऊपर जोनल लेवल कमेटी है। जिसमें कि नगर परिषद के सचिव गुरशरण सिंह, एकाउंट ऑफिसर सुरेंद्र मेहता, नगर परिषद के कार्यकारी प्रधान रणधीर सिंह हैं। बंसल ने बताया कि यूनिट लेवल कमेटी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर एक रिहायशी इलाके में राशन वितरण, भोजन, दवाईयां आदि वितरण का कार्य करेंगी। यह कमेटी घरों में अकेले रह रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बेसहारा लोगों की मदद प्राथमिकता से करेंगी। इनको रिहायशी क्षेत्र के बीपीएल परिवारों, श्रमिकों, जरूरतमंद नागरिकों की सूचि दी जाएगी। नगराधीश ने बताया कि सेक्टर लेवल कमेटी, जोनल कमेटी और यूनिट कमेटी के बीच तालमेल बनाएगी और यूनिट टीमों को आवश्यक सामान उपलब्ध करवाएगी। जोनल कमेटी अपने क्षेत्र की सारी रिपोर्ट उपायुक्त को देंगी तथा राहत कार्यों को संपन्न करवाना सुनिश्चित करेंगी।
उपायुक्त करेंगे जिला स्तरीय कमेटी अध्यक्षता : नगराधीश
नगराधीश कुलभूषण बंसल ने बताया कि ये चार स्तरीय कमेटी यूनिट लेवल, सेक्टर लेवल, जोनल कमेटी एवं जिला स्तरीय कमेटी बनाई जा रही है। जिला स्तरीय कमेटी उपायुक्त आरसी बिढान की अध्यक्षता में बनाई गई है। इसमें उपपुलिस महानिरीक्षक कम पुलिस अधीक्षक सिरसा, अतिरिक्त उपायुक्त, जिला परिषद की चेयरपर्सन, नगरपरिषद चेयरमैन, एसडीएम सिरसा, सिविल सर्जन, जिला राजस्व अधिकारी, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारी सेल टैक्स, एसजीपीसी सदस्य सरदार गुरमीत सिंह और भाई कन्हैया मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार गुरविंद्र सिंह को शामिल किया गया है।
दो तरह से होगा सर्वे
सर्वे फार्म में प्रथम कॉलम में परिवार के मुखिया, परिवार के सदस्यों की संख्या, राशन कार्ड है या नहीं, उसे सूखे राशन की जरूरत है या पके हुए राशन की जरूरत है। यह फार्म सालाना एक लाख 80 हजार की कम आय वाले लोगों को शामिल किया गया है। जबकि दूसरे कॉलम में जबकि मेडिसिन की जरूरत है, थेरैपिस्ट की जरूरत, ओल्ड एज केयर की जरूरत के लिए कोई सालाना आय का क्राइटेरिया नहीं रखा गया।