सिरसा। शहर के बेगू रोड पर स्थित पेपर मिल के पास शुक्रवार रात्रि करीब साढ़े 12 बजे तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। कार बिजली के खंभे से टकराकर चार बार पलटे खाकर सड़क के दूसरी तरफ स्थित खंभे से जा टकराई। हादसे में डेरे के अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर डॉ. पायल गर्ग की मौत हो गई, जबकि उनके पति विशाल घायल हो गए। वे अंबाला से लौट रहे थे। वहीं मृतका के परिजनों ने इसे षड्यंत्र बताया और सुनियोजित तरीके से हत्या करार दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
डॉ. पायल की मां सुनीता ने बताया कि पायल डेरा के अस्पताल में कार्यरत थीं। यहां एक युवक विशाल का आना-जाना था। दोनों के बीच बातचीत हुई और प्यार हो गया। परिवार ने विशाल से मुलाकात की और एक महीने के भीतर ही शादी भी कर दी गई। विशाल का परिवार पानीपत से सिरसा आकर बसा है, जबकि पायल का परिवार यहीं का रहने वाला है। पायल की मां ने बताया कि शुक्रवार को दोनों अंबाला जाने की बात कहकर गए थे। सुनीता ने बताया कि उनकी शाम को बात हुई थी। उन्होंने जल्द ही वहां से चलने की बात कही थी। सुनीता ने आरोप लगाया कि विशाल नशा करता है, उनकी बेटी से मारपीट भी करता था। आरोप है कि विशाल ने पायल की शादी के जेवरात भी बेच डाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये हादसा नहीं है बल्कि सुनियोजित ढंग से की गई हत्या है। सुनीता ने कहा कि पायल के सिर में चोट है, जबकि विशाल के खरोंच भी नहीं आई। इससे स्पष्ट है कि पहले उसकी हत्या कर दी और फिर हादसा दिखाने का प्रयास किया है।
पायल की बहन ने लगाए आरोप : विशाल का रिकॉर्ड क्रिमिनल
डॉ. पायल की बहन ने आरोप लगाया कि विशाल क्रिमिनल रिकॉर्ड का है। एक दिन जब वे खाना खाने कहीं जा रहे थे तो विशाल ने कहा कि वह उसकी बहन का श्रद्धा कांड की तरह मर्डर कर दे या कार एक्सीडेंट में मरवा दे तो क्या वह उससे शादी कर लेगी। इतना ही नहीं विशाल ने उसे पायल से भी खूबसूरत बताया था।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले
रात्रि करीब साढ़े 12 बजे हुए हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सुबह के समय घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में पहुुंचकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। साथ ही परिजनों के भी बयान दर्ज किए गए हैं। अब पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है और अलग-अलग एंगल से जांच में जुट गई है।
बयान -----
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का भी निरीक्षण किया है और मृतका के परिजनों के भी ब्यान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी जांच की जा रही है और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- आनंद कुमार, चौकी प्रभारी, कीर्तिनगर चौकी, सिरसा