डबवाली। स्थानीय दमकल केंद्र को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने कर्मचारियों की मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा था। इसके बाद एसडीएम अर्पित संगल ने स्वयं दमकल केंद्र पहुंचकर अग्निशमन गाड़ियों का जायजा लिया। उन्होंने दमकल कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में भी जाना। जसविंद्र सिंह, देव आनंद, गगनदीप समेत अन्य दमकल कर्मचारियों ने बताया कि डबवाली फायर स्टेशन में चार दमकल गाड़िया उपलब्ध हैं। इनमें से बाहर से आईं दो गाड़ियों के पानी के पंप पूरी तरह से काम नहीं करते। उनके टायर भी जर्जर हैं। इसीलिए एक गाड़ी को मरम्मत के लिए सिरसा भेज दिया गया है।
डबवाली की दूसरी गाड़ी के पंप और टायर भी कमजोर हो चुके हैं। दमकल कर्मचारियों ने हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया था कि डबवाली क्षेत्र में आग लगने पर उसे बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
चेयरमैन देवकुमार ने जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा से मुलाकात कर दमकल गाड़ियों की हालत सुधारने के लिए कहा। उपायुक्त ने एसडीएम को मौके की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। इसलिए एसडीएम अर्पित संगल ने दमकल केंद्र का निरीक्षण कर सभी गाड़ियों की मौजूदा रिपोर्ट तैयार कर उनके पास भेजी है।
चेयरमैन देवकुमार ने बताया कि सभी दमकल गाड़ियों को जल्द ठीक करवा दिया जाएगा ताकि आग की कोई भी अप्रिय घटना होने पर दमकल गाड़ियां अपना कार्य तेजी से कर सकें।
फिलहाल विभागीय अधिकारियों ने सिरसा से गोरीवाला में अस्थायी तौर पर भेजी गई दमकल गाड़ी को भी डबवाली भेज दिया है। सभी दमकल गाड़ियों की हालत में सुधार होने तक यह गाड़ी अब डबवाली में ही रहेगी। दमकल केंद्र की सभी गाड़ियों की मरम्मत का कार्य भी डबवाली में ही करवाया जाएगा।