सिरसा। सर्दियों में कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर जिला पुलिस ने सड़क सुरक्षा के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। एसपी ने बताया कि सर्दियों में कोहरे के कारण अक्सर पीछे की गाड़ियां आगे वाली से टकरा जाती हैं। इसे रोकने के लिए रोड सेफ्टी टीम के साथ मिलकर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का काम किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस की 6 गाड़ियां और 6 राइडर निरंतर गश्त कर रहे हैं। ओवर स्पीड, लेन चेंज और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने वाहन चालकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि कोई अनहोनी न हो। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से रिफ्लेक्टर न लगाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
सफेद पट्टी और साइन बोर्ड का काम तेज
एसपी ने बताया कि धुंध में सड़क की स्थिति समझने के लिए सफेद पट्टी बहुत जरूरी है। जिस सड़क पर सफेद पट्टी नहीं है, वहां आरटीए के साथ मिलकर पट्टी लगाने का काम किया जा रहा है। साथ ही सड़कों के मोड़ों पर साइन बोर्ड लगवाए जा रहे हैं ताकि चालकों को समय पर सतर्क किया जा सके।
अवैध कट बनाने पर होगी कार्रवाई
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि अवैध कटों के कारण भी कई हादसे होते हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ मिलकर अवैध कटों को बंद किया जा रहा है। अगर इसके बावजूद कोई अवैध कट बनाता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
112 पर हादसे की सूचना तुरंत दें
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने आमजन से अपील की है कि अगर कहीं सड़क हादसा होता है तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें या घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।