रानियां। क्षेत्र के गांव संतावाली में दो दिनों में दो युवाओं की नशे के कारण मौत हो गई। जहां गांव संतावाली में वीरवार सुबह अजय नामक युवक की नशे की ओवरडोज के कारण मौत हो गई थी। वहीं, 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को राजिंद्र (20) की नशे के कारण मौत हो गई। वीरवार रात्रि को नशे की ओवरडोज के कारण राजिंद्र की तबीयत खराब हो गई।
परिजन उसे सिरसा अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह पिछले पांच साल से प्रतिबंधित गोलियों के नशे का आदी था। हालांकि, इस मामले में पुलिस को सूचित नहीं किया गया। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था।
जीवन नगर चौकी प्रभारी सत्यनारायण ने बताया कि संतावाली गांव में नशे से दूसरी मौत हुई के बारे में पुलिस के पास कोई सूचना नहीं है। गांववासियों की दी गई शिकायत के आधार पर वीरवार को ही पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मृतक के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि उसके बेटा राजिंद्र मेडिकल गोलियों का नशा करता था। दो महीने पहले तक राजिंद्र ने नशा छोड़ भी दिया था, लेकिन फिर वह नशा करने वालों की संगति में पड़ गया। हरपाल सिंह का कहना है कि जब उनके संज्ञान में आया कि राजिंद्र फिर से नशा करने लग गया है तो उसने बहुत समझाया था। हरपाल सिंह ने बताया कि उसकी चार बेटियां हैं और एक बेटा था। राजिंद्र ने महज आठवीं तक पढ़ाई की थी।