सिरसा। हड़ताल समाप्त करने की जानकारी देते बार प्रधान गंगाराम ढाका। संवाद
सिरसा। अधिवक्ता अमित सिहाग पर दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग पर नौ दिन से जारी सिरसा बार एसोसिएशन की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। बार एसोसिएशन प्रधान गंगाराम ढाका ने दोपहर को बार रूम में पत्रकारवार्ता कर बताया कि पुलिस ने अधिवक्ता सिहाग पर दर्ज एफआईआर खारिज कर दी है। इसलिए बार एसो. ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है।
सोमवार से सभी बार सदस्य नियमित रूप से न्यायालयों में पेश होंगे। सिरसा बार की एक कॉल पर शुक्रवार को प्रदेशभर की बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड रखा। बार प्रधान ने कहा कि हड़ताल के कारण आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि 12 अगस्त को सिरसा बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड कर निर्णय लिया था।
नौ दिनों में वर्क सस्पेंड के कारण अदालतों में 10 हजार से ज्यादा केसों की सुनवाई नहीं हो सकी। हर रोज केसों में अगली तारीख मिल रही थी। वीरवार को सिरसा बार एसोसिएशन प्रधान गंगाराम ढाका ने प्रदेशभर की बार एसोसिएशन को पत्र जारी कर 22 अगस्त को वर्क सस्पेंड रखने का आह्वान किया था।
इसके बाद बार एसोसिएशनों ने अपने सदस्यों को वर्क सस्पेंड का मैसेज भेज दिया। डिंग थाना पुलिस ने जिला नगर योजनाकार विभाग के जूनियर इंजीनियर अभिषेक कुमार की शिकायत पर 29 जुलाई को अधिवक्ता अमित सिहाग पर एफआईआर दर्ज की थी। जेई ने अधिवक्ता पर सरकारी आदेश की प्रतियां फाड़ने का आरोप लगाया था।
-पुलिस विभाग ने एडवोकेट अमित सिहाग पर दर्ज एफआईआर रद्द कर दी है। इसके बाद सिरसा बार एसोसिएशन ने अपनी मांग पूरी होने पर हड़ताल समाप्त कर दी है। सोमवार से सभी बार सदस्य नियमित रूप से अदालतों में पेश होंगे। इस मामले में बार सदस्यों ने एकजुटता का परिचय दिया।
- गंगाराम ढाका, प्रधान, बार एसोसिएशन, सिरसा।