नवजात की स्वास्थ्य स्थिति रिपोर्ट लेती बाल कल्याण समिति।
सिरसा। गांव नाथूसरी कलां के हंजीरा रोड पर बुधवार को झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची की हालत अब ठीक है। बच्ची को नागरिक अस्पताल के निकू वार्ड में रखा गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अनीता वर्मा और सदस्य पूर्णिमा मोंगा ने तुरंत चोपटा थाना प्रभारी से संपर्क कर मामले की जानकारी ली।
स्वस्थ होने के बाद बच्ची को स्टेट एडॉप्शन अथॉरिटी को सौंपा जाएगा, जो उसके भविष्य के लिए उचित कदम उठाएगी। वीरवार को बाल कल्याण समिति ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति की रिपोर्ट प्राप्त की। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की हालत अब स्थिर है और उसे निकू वार्ड में रखा गया है। अनीता वर्मा ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ होने तक अस्पताल में रहेगी।
उसकी देखभाल की जिम्मेदारी नागरिक अस्पताल प्रशासन की है। वहीं, चोपटा थाना पुलिस ने आशा वर्कर इंद्रा देवी की शिकायत पर अज्ञात महिला और पुरुष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उस महिला का पता लगाया जाएगा, जिसने नवजात को झाड़ियों में छोड़ दिया।
कूड़ा डालने गई महिला को सुनाई दी थी नवजात के रोने की आवाज
बुधवार को गांव नाथूसरी कलां हंजीरा रोड पर अज्ञात महिला एक नवजात बच्ची को झाड़ियों मेें फेंक गई थी। शाम करीब चार बजकर 30 मिनट पर गुलशन नामक महिला कूड़ा डालने के लिए सड़क की तरफ गई तो एक नवजात के रोने की आवाज आई। महिला ने पास जाकर देखा तो कपड़े में लिपटी हुई एक नवजात बच्ची मिली जिसकी सांसें चल रहीं थी। महिला ने आसपास के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए और एंबुलेंस की सहायता से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथूसरी चोपटा में पहुंचाया गया।
-
समाज में इस प्रकार की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, लोग ऐसा अन्याय न करें, जिससे मानवता शर्मसार हो। प्रशासन की तरफ से नागरिक अस्पताल में पालना स्थापित किया गया है। जो भी शख्स पालना में नवजात शिशु को सुरक्षित छोड़ता है उसकी पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी। न ही उसे रोका जाएगा, न ही टोका जाएगा। इसके अलावा न ही कुछ पूछा जाएगा और न ही उसे पकड़ा जाएगा। उसके खिलाफ पुलिस कोई एफआईआर दर्ज नहीं सकती।
- अनिता वर्मा, अध्यक्ष, जिला बाल कल्याण समिति।