बडागुढ़ा। बडागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव लक्कड़ांवाली में वीरवार रात्रि जिला प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों ने चोरी व नशे के मुद्दे को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाया। उसी रात्रि चोरों ने गांव में एक और चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पिछले 2 दिनों के अंतराल में गांव में चोरी की ये तीसरी घटना है।
दो घटनाएं प्रशासनिक अधिकारियों की ठहराव की पहली रात की है तो वहीं दूसरी घटना उसी रात की है। इन घटनाओं को लेकर लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पहले करीब एक माह पूर्व भी खेतों से तार चोरी की दो घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस उसका भी कोई पता नहीं लगा पाई है। शुक्रवार को ग्रामीण ग्राम सरपंच को साथ लेकर बडागुढ़ा थाना प्रभारी से मिले और मामले बारे अवगत करवाया।
दरअसल, वीरवार रात्रि को गांव लक्कड़ांवाली में प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम था। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त विरेन्द्र सहरावत व पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोगों ने शिकायतों के जरिए विभागीय अधिकारियों व पुलिस को खूब घेरा। लोगों ने पुलिस अधीक्षक के सामने बात रखते हुए कहा कि गांव में नशे का प्रकोप काफी है। जिसके चलते नशेड़ी किस्म के लोग लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इस बात पर पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से कहा कि पुलिस पर सवाल उठाने की बजाय सभी मिलकर पुलिस का सहयोग करें। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग नशे की बिक्री में संलिप्त हैं उनकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस जनता की सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तत्पर है। वहीं उन्होंने डीएसपी व थाना प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा कि गांव में नशा बेचने वाले व अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करें।
बडागुढ़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर रखी है। चोरों की तलाश के लिए पुलिस गंभीरता से लगी हुई है। शीघ्र ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। गांव में दिन व रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
उसी रात 8 सोलर पंपों से कई फुट तार चोरी
जिस रात्रि गांव में प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम हुआ उसी रात्रि अज्ञात चोर गांव में दौलतपुरखेड़ा रोड पर रेलवे लाइन के निकट 8 खेतों में लगे सोलर पंपों से कई फुट तार चोरी कर ले गए। घटना का पता किसानों को उस समय लगा जब पप्पू सिंह नामक किसान अपने खेत में देर रात्रि सिंचाई करने के लिए गया। किसान ने देखा कि उसके साथ लगते एक किसान के खेत में आग जल रही थी। संदेह होने पर जब किसान पप्पू सिंह मौके पर गया तो चोर वहां से तुरंत फरार हो गए। जिसके बाद किसान ने गांव में फोन कर अन्य किसानों को सूचना दी। वहीं गांव में मुनादी भी करवाई गई। जिसके बाद बड़ी संख्या में किसान खेतों में पहुंच गए। किसानों ने अपने-अपने खेतों के सोलर पंपों की संभाल की तो पाया कि किसान कुलदीप सिंह, जोगिन्द्र सिंह, बलवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, बलदेव सिंह, अजैब सिंह सहित 8 किसानों के खेतों में लगे सोलर पंपों से करीब 600 फुट तार चोरी हुई है। चोर तार को काटकर जलाते हुए उसमें से तांबा निकाल रहे थे। किसान के अचानक मौके पर पहुंचने पर चोर तारों से निकला तांबा छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तांबे को कब्जे में लेते हुए मामले की जानकारी ली। उक्त ग्रामीणों ने बताया कि गांव में तार चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक पुलिस चोरों का कोई पता नहीं लगा पाई है।
एक दिन पहले गुरुद्वारा व पीरखाना में भी हुई चोरी
चोरों ने प्रशासनिक ठहराव से एक रात पहले बुधवार रात्रि गांव में 2 जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक घटना गांव में गुरुद्वारा में हुई जहां चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और गुल्लक उखाड़कर ले गए। दूसरे दिन सुबह खाली गुल्लक खेतों में पड़ा मिला। वहीं उसी रात ही चोरों ने गांव के पीरखाना में घुसकर गुल्लक को तोड़कर उसमें से नकदी निकाल ले गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इन घटनाओं का पता लगाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करें।