सिरसा। शहर के खैरपुर के गुरुनानक नगर में स्थित एक मकान में चोरों ने 45 हजार रुपये की नकदी सहित सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के सदस्य घर पर ताला लगाकर गुरुग्राम गए हुए थे। चोरों ने दीवार फांदकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विवेक निवासी गुरुनानक नगर ने बताया कि वह गुरुग्राम में नौकरी करता है। वह 13 अक्तूबर को अपनी माता को साथ गुरुग्राम लेकर चला गया था और घर पर ताला लगा गया था। जब वह 3 नवंबर को रात 10 बजे परिवार के साथ घर पर पहुंचा तो देखा की घर के अंदर से गेट बंद किया हुआ था। दीवार फांदकर उसने घर में प्रवेश किया और गेट खोल दिया। जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मकान में पहुंच गए। जब उन्होंने कमरे के ताले को देखा तो वह टूटा हुआ मिला और घर का सारा समान बिखरा पड़ा था और घर में सामान की तलाशी ली तो अलमारी में रखे करीब 45 हजार रुपये, एक सोने की अंगूठी, एक सोने का दो तोले का सेट, गले की एक चेन, टॉपस और अन्य सामान गायब मिला। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत खैरपुर चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।