डबवाली। चौटाला चौकी प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह ने गांव आसाखेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को नशे के विरूद्ध व साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया। पीएसआई सतपाल ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों व खेलों के महत्व के बारे में अवगत करवाते हुए कहा कि शराब, अफीम, गांजा आदि नशीली दवाओं का सेवन हमारे जीवन के लिए बहुत हानिकारक है।
नशे का सीधा असर हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। नशीली दवाओं का अधिक सेवन करने से शरीर के विभिन्न अंग और अंगों के साथ-साथ दिमाग पर भी बुरा असर पड़ता है। नशा एक समस्या है जो समाज में व्याप्त हो रही है और इसके दुष्प्रभाव व्यक्ति, परिवार और समाज को प्रभावित करते हैं।
नशीली दवाओं का सेवन स्वास्थ्य, व्यक्तित्व, शिक्षा, संबंध और आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। नशा एक समस्या है, जिसके समाधान के लिए शिक्षा, उच्चतम स्तर की जागरूकता और सभी समुदाय की सहयोग की जरूरत होती है। नशे के दुष्प्रभाव से बचने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारियों को समझना और स्वस्थ जीवन शैली अपनाना चाहिए।
नशे के दुष्प्रभाव को रोकने के लिए समाज को सहयोग करना चाहिए और नशीली दवाओं के विरुद्ध जागरूकता फैलानी चाहिए। जिला पुलिस की आमजन से अपील है कि नशा से दूर रहें और आपके आसपास यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने का काम करता है तो तुरंत इसकी सूचना मानस पोर्टल व 1933 पर काॅल कर व अपने नजदीकी थाना चौकी या 9138999745 पर देकर समाज को नशा मुक्त करने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस को सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने इसी तरह साइबर अपराधों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि हमें इंटरनेट पर अपने कार्य करने के दौरान या इंटरनेट का उपयोग करते समय बड़ी सावधानी बरतनी चाहिए। हमें अपने सोशल मीडिया खातों पर एक मजबूत पासवर्ड लगाकर खातों को सुरक्षित रखना चाहिए।
सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क नहीं करना चाहिए। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करके उसे ओपन नहीं करना चाहिए। किसी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल का उत्तर नहीं देना चाहिए और ना ही किसी अंजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट मंजूर करनी चाहिए। कोई व्यक्ति खुद को बैंक का अधिकारी या प्रतिनिधि बताकर व्यक्तिगत जानकारी मांगता है तो उस व्यक्ति के साथ उक्त जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर आपके साथ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो तुरंत नेशनल साइबर कंप्लेंट पोर्टल नंबर 1930 पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पर जितनी जल्दी हो सके शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अतिरिक्त नजदीक पुलिस स्टेशन में साइबर हेल्प डेस्क पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराकर साइबर अपराध के बारे में सहायता ली जा सकती है।