सिरसा । डेरा प्रमुख राम रहीम ने बुधवार को डेरे में आने के साथ ही अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। डेरा प्रमुख ने बुधवार को डेरे के सामने लगती दो कॉलोनियों के लोगों को बैठक के लिए बुलाया। डेरे के लोगों ने घर-घर जाकर इन दो कॉलोनियों के लोगों को बुधवार शाम को बैठक में आने के लिए कहा। चर्चा है कि कॉलोनीवासियों के साथ किसी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा हुई है।
जानकारी के अनुसार नये डेरे के सामने सुखचैन कॉलोनी और रहमत कॉलोनी बसी हुई है। इन कॉलोनियों की बड़ी संख्या में डेरे के अनुयायी रहते हैं। इन दोनों कॉलोनियों के लोगों को आधार कार्ड साथ में लेकर डेरे में बुलाया गया ताकि सत्यापित हो कि इन दो कॉलोनी में रहने वाला व्यक्ति ही डेरे में आया है। इनके अलावा दूसरे व्यक्ति को डेरे में एंट्री नहीं दी गई।
जेल जाने से पहले फिल्म सिटी की थी प्लानिंग
बता दें कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम जेल जाने से पहले फिल्मों में पूरी तरह से सक्रिय था। अपने ही प्रोडक्शन में फिल्मों का वह निर्माण करता था। उनमें वह स्वयं ही हीराे होता था। उसकी फिल्मों में उसकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत भी रोल अदा करती थी। इस दौरान बड़े स्तर पर उसकी फिल्मों ने पैसा कमाया था और बॉलीवुड को टक्कर देने की तैयारी डेरा प्रमुख ने कर ली थी। इसी कड़ी में डेरा प्रमुख ने मुख्य डेरे के सामने बनी दो कॉलोनियों को हटाकर फिल्मी सिटी बनाने की घोषणा की थी। वह इस घोषणा को अमलीजामा पहनाता , इससे पहले ही साध्वी यौन शौषण मामले में उसे सजा हो गई। फरलो पर आने के बाद डेरा प्रमुख ने इन दो कॉलोनियों को लेकर प्रोजेक्ट बनाना शुरू कर दिया है। फिल्म सिटी के प्रोजेक्ट को ही डेरा प्रमुख आगे बढ़ाएगा या नया प्रोजेक्ट बनाया जाएगा। इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। वहीं, इस मामले में प्रबंधन भी चुप्पी साधे हुए है।
सक्रियता बढ़ाने का रहेगा प्रयास, साइक्लोथॉन बनेगा माध्यम
डेरा प्रमुख का इस बार अपनी सक्रियता को बढ़ाने का पूरा प्रयास रहेगा। कई सालों से अनुयायियों के बीच वीडियो के माध्यम से जुडऩे वाला डेरा प्रमुख सीधे तौर पर अब अनुयायियों से मिलेगा। जिससे वह अपनी सत्ता को पुन: पुराने स्तर पर पहुंचा सके। इसके साथ साथ राजनीतिक पकड़ भी मजबूत धीरे धीरे डेरा करने में जुटा हुआ है। ऐसे में 27 अप्रैल को होने वाली साइक्लोथॉन में डेरा अनुयायियों की भागीदारी उनकी राजनीतिक सक्रियता को साबित करेगी। जब हरियाणा के मुख्यमंत्री सिरसा में साइक्लोथॉन को हरी झड़ी दिखाएंगे।