सिरसा। तीन दिन के अवकाश के बाद समाधान शिविर में जिले के 128 लोग अपनी समस्याएं लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सभी विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहे। मंगलवार को उपायुक्त आरके सिंह के समक्ष सिरसा निवासी रानी जैन प्रॉपर्टी पर कब्जे को लेकर अपनी समस्या लेकर पहुंची। जिस पर उपायुक्त ने तुरंत संबंधित अधिकारी को बुलाकर मौके पर ही समाधान करवाया। रानी जैन ने बताया कि उन्होंने इंडिया बुल फाइनेंस से प्रॉपर्टी ली थी। जिसका उन्हें पजेशन लेटर नहीं मिला था। आज उन्होंने अपनी समस्या जब उपायुक्त के समक्ष रखी तो उन्होंने तुरंत समस्या का समाधान करवाया।
पजेशन लेटर नहीं होने के कारण जमीन का कब्जा नहीं मिल पा रहा था। समाधान शिविर में पजेशन लेटर मिलने के बाद दंपती ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई समाधान शिविर की पहल सराहनीय है। जहां कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान हुआ, वहीं अधिकतर लोगों को 24 से 48 घंटे में समस्याओं के समाधान करवाए जाने का आश्वासन दिया गया। ऐसा ही आश्वासन खेतरपाल कॉलोनी के लोगों को मिला। जो पिछले दो-तीन सालों से बिजली निगम और जनस्वास्थ्य विभाग के चक्कर काट रहे हैं। खेतरपाल कॉलोनी निवासी विपिन, दिलीप, रामभगत, किरण, अंजलि, कोमल, गुड्डी आदि ने बताया कि सब्जी मंडी के सामने उनकी खेतरपाल कॉलोनी पड़ती है। कॉलोनी में 80 से 90 मकान हैं। कुछ गलियों में सीवरेज है और कुछ गलियों में सीवरेज नहीं है। कई बार विभाग के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ है। वहीं बिजली की लाइन सिंगल फेस आती है। एक्सईएन स्तर के अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं। समाधान शिविर में दो दिनों के अंदर समस्या के समाधान का आश्वासन उपायुक्त ने दिया है। उम्मीद है कि हमारी समस्या का समाधान होगा।
सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र की
उपायुक्त ने समाधान शिविर में 128 समस्याएं सुनी। इनमें 31 समस्याएं परिवार पहचान पत्र, 16 समस्याएं पुलिस अधीक्षक, 13 समस्याएं जिला नगर आयुक्त, 10 समस्याएं डीडीपीओ कार्यालय, 7 समस्याएं काडा विभाग से संबंधित थी। उन्होंने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द निवारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन की समस्याओं का निवारण करने को तरजीह दे रही है, जिसके तहत जिला और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रत्येक कार्यालय दिवस में सुबह 9 से 11 बजे तक लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण, एडीसी डाॅ. विवेक भारती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।