सामान जब्त करके ले जाते हुए नगर परिषद की टीम।
सिरसा। शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद ने अभियान पुन: शुरू कर दिया है। पांच माह से बंद पड़े अभियान को गति देने का काम शुरू हो गया है। ऐसे में बाजारों में आमजन के लिए वाहन लेकर आने जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है।
इस अभियान के शुरू होने का मुख्य कारण समाजसेवी लोगों की ओर से सीएम विंडो व अन्य माध्यमों से शिकायत करना रहा है। क्योंकि नगर परिषद कार्यालय को जाने वाली मुख्य सड़क पर ही अतिक्रमण इतना ज्यादा होता था कि लोग दोपहिया वाहन लेकर भी आ जा नहीं सकते थे।दरअसल, दो दिनों से निरंतर शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर अभियान चल रहा है।
एक ट्राॅली प्रतिदिन बोर्ड व अन्य सामान की लाई जाती है। सामान को वापस लेने के लिए चेयरमैन से लेकर अन्य समाजसेवी लोगों और पार्षदों के फोन व्यापारी व अन्य लोग करवाते हैं, ताकि बिना जुर्माना उन्हें सामान मिल जाए। वहीं नगर परिषद की सफाई शाखा के अधिकारियों की ओर से जुर्माना भरवाने के बाद ही सामान दिया जाता है, ताकि भविष्य में संबंधित व्यक्ति फिर से अतिक्रमण करने की गलती न करे।
अतिक्रमण करने वालों को दी चेतावनी
अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण पर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। बाजारों के दुकानदारों और व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि यदि उनके की ओर से अतिक्रमण किया जाता है तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। इस दौरान सामान खराब होने पर नगर परिषद की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। इसी चेतावनी और टीम के चक्कर लगाने का असर देखने को मिला और बाजारों में लोगों ने अपने बेंच व अन्य सामान अंदर कर लिया।
निकाय चुनाव के दौरान बंद हुआ था अभियान
नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया था। इसके बाद निकाय चुनाव होने के बाद बीच में व्यवस्था गड़बड़ा गई और अभियान को बंद कर दिया गया। इसके कारण लोगों के हौसले बुलंद हो गए ओर 10 से 12 फीट तक सड़कों पर मेज व अन्य सामान लगाकर कब्जा कर लिया गया।
-बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान जारी है। बाजारों में व्यवस्था बनाने के लिए विशेष टीम लगाई गई है। अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद