नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ अभियान में उस समय झटका लगा जब दुकानदारों ने कर्मचारियों का विरोध करना शुरू कर दिया।
नगर परिषद की ओर से बृहस्पतिवार को हिसार रोड अंबेडकर चौक से परशुराम चौक तक और परशुराम चौक से बेगू रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने तो बाहर रखा अपना सामान समेटना शुरू कर दिया लेकिन कई दुकानदार नगर परिषद के कर्मचारियों से ही उलझ गए।
करीब आधे घंटे तक चली तू-तू मैं-मैं के दौरान दुकानदारों ने कर्मचारियों को खूब खरी-खरी सुनाई। दुकानदारों के विरोध के चलते कई दुकानदारों ने नगर परिषद की ओर से ट्रालियों में भरा सामान वापस उठा लिया।
बड़े पाइप उठाने का विरोध
दरअसल नगर परिषद के अभियान के दौरान हिसार रोड स्थित पाइपों के दुकानदार ने अपना सामान बाहर रखा हुआ था। इनमें लोहे पाइप शामिल थे।
नगर परिषद के कर्मचारियों ने अभियान के दौरान यह सामान उठा लिया। अभियान का नेतृत्व कर रहे कृष्ण मेहता को दुकानदारों ने घेर लिया और जमकर खरी खोटी सुनाई।
दुकानदारों ने नगर परिषद की कर्मचारियों की कार्रवाई को एक तरफा बताया। दुकानदारों का आरोप है कि नगर परिषद पैसे वाले लोगों पर कार्रवाई करने से बचते हैं।
होटलों के बाहर रखे जनरेटर और बाहर तक कब्जाई जमीन पर तो नगर परिषद का जोर नहीं चलता, जबकि छोटे दुकानदारों को बेवजह तंग किया जा रहा है।
विरोध के चलते काफी संख्या में दुकानदार नगर परिषद के अभियान के विरोध में आ गए। इसके बाद नगर परिषद ने हिसार रोड से अभियान बंद कर बेगू रोड की तरफ शुरू कर दिया।
नगर परिषद की कार्रवाई एक तरफा नहीं है। अभियान के दौरान मैं खुद मौजूद रहता हूं, जो कोई दुकानदार बाहर सामान रखता है, उसका समान उठा लिया जाता है।
होटलों के बाहर रखे जरनेटर भारी हैं, जिन्हें उठाने के लिए क्रेन की जरूरत पड़ती है। अभियान पूरी तरह से निष्पक्ष है और ऐसे ही चलता रहेगा।
बीएन भारती, ईओ, नगर परिषद सिरसा