डबवाली। बिजली के लोहे के पोल बदलते हुए कर्मचारी। संवाद
डबवाली। शहर में वर्षों पहले लगाए गए बिजली के पोल को बदलने की मांग लंबे समय से शहरवासी बिजली निगम के अधिकारियों से करते आ रहे थे। बरसात के समय ये जर्जर पोल हादसों का कारण बन जाते थे और कई बार बेसहारा पशुओं की करंट लगने से मौत भी हो चुकी थी। इसी गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने अब पुराने और झुके हुए लोहे के बिजली पोल हटाने का काम शुरू कर दिया है।
निगम की इस कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। शहर के कई स्थानों पर लगे लोहे के बिजली पोल वर्षों पुराने होने के कारण नीचे से पूरी तरह गल चुके थे। कुछ पोल वाहनों की टक्कर से झुक गए थे, जबकि कई ऐसे भी थे जो किसी भी समय गिरकर दुर्घटना का कारण बन सकते थे। इस वजह से कई गलियों में लोगों और वाहन चालकों को गुजरने में भी भय महसूस होता था। इन पोल को लंबे समय से बदलने की मांग की जा रही थी और आखिरकार शुक्रवार को इस दिशा में काम की शुरुआत हो गई।
शहर में अभी 25 से 30 लोहे के पोल बाकी
विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में शहर में लगभग 25 से 30 पुराने लोहे के पोल शहर में हैं। इन सभी को बदलने का काम जारी है। इससे पहले भी शहर के कई पोल को बदलने का काम किया गया है। अब सर्दी का मौसम आने पर बिजली सप्लाई की मांग कम होने पर यह काम एरिया अनुसार किया जा रहा है। वहीं, कमजोर और ढीली तारों को भी बदलकर बिजली आपूर्ति को सुरक्षित बनाया जा रहा है।
लोग बोले- अब बिना डर के निकल रहे गली से
खू वाली गली और राजा राम स्कूल वाली गली से लोहे के जर्जर पोल हटाए जाने के बाद वहां के राजकुमार, राजिंद्र कुमार, जयराम, संतराम व अन्य ने बताया कि अब लोगों ने राहत की सांस ली हैं। पहले इन गलियों से गुजरने में हमेशा डर बना रहता था, लेकिन अब सुरक्षित तरीके से आवाजाही हो पाएगी।
-शहर के अलग-अलग इलाकों में कई पुराने लोहे पोल को हटाकर नए पोल लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को वार्ड नंबर एक में करीब चार लोहे के पोल बदले गए। इसके बाद विभाग रूटीन के अनुसार नई अनाज मंडी रोड पर सोहन की चक्की के पास एच-पोल और वार्ड तीन के दुर्गा माता मंदिर क्षेत्र में पांच पोल बदलने का कार्य किया जाएगा।
- रामकिशन, जेई, बिजली निगम।