कालांवाली। विधायक शीशपाल केहरवाला ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा में कालांवाली हलके से संबंधित अहम मुद्दे उठाए। विधायक केहरवाला ने कहा कि वर्ष 2014 में कालांवाली सब डिवीजन बन चुका था और वर्तमान में यहां ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स बनाने के उद्देश्य से भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने आग्रह किया कि इस भूमि का चयन जल्द से जल्द हो और इस कॉम्प्लेक्स को कालांवाली में निर्मित किया जाए। ऐसा न हो कि इसे डबवाली के आसपास या ओढां में निर्मित कर दिया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतें होंगी। विधायक केहरवाला ने इस अवसर पर कालांवाली में पेयजल समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस समय शहर के लोगों के लिए महज एक ही जलघर है, जो पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने सरकार से वहां एक अतिरिक्त जलघर बनाने की अपील की। साथ ही विधायक ने कहा कि कालांवाली में अनेक कॉलोनियां अनअप्रूवड हैं जिनमें सड़कों की हालात बदतर है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत जारी होने वाला पैसा ऐसी कॉलोनियों के अनअप्रूव्ड होने के कारण वहां लग नहीं पाता जिससे वे क्षेत्र विकास से वंचित हो जाते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि वे कालांवाली की ऐसी सभी कॉलोनियों को नियमित कर वहां सड़कों के निर्माण व अन्य विकास कार्यों को करवाएं।