सिरसा। मंडी की समस्याओं के बारे में अवगत करवाते हुए मंडी प्रधान व सदस्य। स्वयं
सिरसा। अनाज मंडी में समस्याओं के समाधान के लिए मंडी आढ़ती एसोसिएशन की कार्यकारिणी व भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने मंगलवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने मांगपत्र के माध्यम से अनाज मंडी की समस्याओं से अवगत करवाया। इस पर उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए एसडीएम सिरसा को एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ एक बैठक कर समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत एसडीएम राजेंद्र कुमार ने एसोसिएशन प्रधान प्रेम बजाज, उप प्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नढा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, धर्मपाल जिन्दल, मोहर सिंह, रजनीश बुडानिया के साथ बैठक की। बैठक में एसोसिएशन प्रधान प्रेम बजाज ने एसडीएम के समक्ष मंडी के बकाया व अधूरे पड़े कामों जैसे कि मंडी में सीवरेज समस्या, सड़कें, पेयजल की समस्या, मंडी के शैडों की समस्या व मंडी के फड़ों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
एसडीएम ने फोन कर मार्केट कमेटी सचिव विरेंद्र मेहता से इसके बारे में सारी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सचिव विरेंद्र मेहता व अन्य कर्मचारियों के साथ मंडी में मिलकर मंडी का निरीक्षण किया। प्रधान ने सभी महकमों के साथ एसोसिएशन कार्यालय में मंडी का नक्शा देखा और मंडी के अधूरे कामों को पूरा करने को कहा।
अधिकारियों ने बताया कि मंडी में सफाई का नया टेंडर अलॉट किया गया है। जल्द ही सफाई का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद एसडीएम ने मार्केट कमेटी कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि मंडी में आगामी धान का सीजन आने वाला है। धान की आवक ज्यादा रहेगी। इसलिए धान के सीजन में किसी प्रकार की किसानों व व्यापारियों को परेशानी न आए। इसलिए पहले से सभी व्यवस्था सुनिश्चित हो जानी चाहिए। किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।