बरनाला रोड पर निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय।
सिरसा। शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा कराया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर 18 सार्वजनिक शौचालयों और 18 यूरिनल सीटों का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य पर कुल 50.76 लाख रुपये की लागत आएगी।
नगर परिषद के अनुसार, इस परियोजना को 30 मई तक पूरा किया जाना था, लेकिन कुछ कारणों से निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। अब यह कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसे जून माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विशेषकर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा बुजुर्गों, बच्चों और बाहर से आने वाले लोगों को भी पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में असुविधा होती है। कई स्थानों पर शौचालय न होने से स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी बढ़ती रही हैं।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि नए शौचालय और यूरिनल बनने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे बाजारों, भीड़भाड़ वाले और सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा स्वच्छ शहर के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।
::::::::::::::::::::::::::::
शौचालयों निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शांति स्वरूप,चेयरमैन नगर परिषद सिरसा।