ओढां। गांव ओढां में रेवाड़ी एंटी नारकोटिक सेल के पुलिसकर्मियों की ओर से आरएमपी चिकित्सक से कार्रवाई का भय दिखाकर 10 हजार रुपये लेने और बाद में लौटाने के मामला शनिवार को पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। मामला सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई और आरोपी पुलिसकर्मी ने अपनी गलती स्वीकारते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का भरोसा दिया।
वहीं डबवाली एसपी निकिता खट्टर ने स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सूचित कर दिया गया है। इस मामले में शुक्रवार देर सायं से ही एंटी नारकोटिक सेल के कर्मचारी मामले को जैसे-तैसे कर रफा-दफा करने में लगे रहे। मामला एसपी तक पहुंचने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को बचाने के लिए कई पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और वे शिकायतकर्ता से देर रात्रि तक मान-मनुहार करते रहे।
इस मुद्दे पर शनिवार को गांव ओढां में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजपाल वर्मा की अध्यक्षता में आरएमपी एसोसिएशन की बैठक बुलाई गई। इसमें एंटी नारकोटिक सेल से निरीक्षक नीरज कुमार, आरोपी पुलिसकर्मी व अन्य साथी पुलिसकर्मी भी पहुंचे। पदाधिकारियों व अन्य सदस्यों ने पुलिस की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि आरएमपी लोगों को उनके घर द्वार पर समय पर व सस्ता प्राथमिक उपचार मुहैया करवाता है।
कोई भी आरएमपी इसकी आड़ में न तो नशा बेचता है और न ही कुछ गलत करता है, लेकिन फिर भी पिछले कुछ दिनों से उन्हें बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। मौके पर मौजूद एंटी नारकोटिक सेल के निरीक्षक नीरज कुमार ने सभी आरएमपी को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनका मकसद किसी भी आरएमपी या निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित करना नहीं है। उनकी टीम अब किसी भी आरएमपी को बेवजह परेशान नहीं करेगी। वहीं, आरोपी पुलिसकर्मी ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि उससे अनजाने में यह गलती हुई है, वह भविष्य में कभी भी दोबारा ऐसा नहीं करेगा। गलती स्वीकारने के बाद शिकायतकर्ता आरएमपी धर्मपाल ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
आरएमपी करें सहयोग, नशे को करेंगे जड़ से खत्म
एंटी नारकोटिक सेल से निरीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि उनकी ड्यूटी रेवाड़ी क्षेत्र से डबवाली क्षेत्र में नशे व नशा तस्करों पर अंकुश लगाने के लिए लगाई गई है। उनकी 9 सदस्यीय टीम इस उद्देश्य के साथ लगी हुई है। उनकी टीम के एक कर्मचारी से गलती हुई है। वे इस बात को स्वीकारते हैं। वे भविष्य में पूरा ध्यान रखेंगे कि उनकी वजह से कोई निर्दोष परेशान न हो। उन्होंने सभी आरएमपी सदस्यों से आह्वान करते हुए कहा कि वे नशे पर अंकुश लगाने में उनका पूरा सहयोग करें। इस पर आरएमपी एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने पुलिसकर्मियों को आश्वस्त किया।
-ये पुलिस कर्मचारी डबवाली पुलिस के अधीन नहीं आते हैं। इस मामले के बारे में हमने स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सूचित कर दिया गया है। अब वही इस मामले में आगामी कार्रवाई करेंगे।
- निकिता खट्टर, एसपी, डबवाली।