सिरसा। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने शनिवार रात को शक्कर मंदोरी रोड पर फॉर्च्यूनर कार से 55 किलो, 42 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने कार समेत चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना नाथूसरी चोपटा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
एएनसी की टीम शनिवार को गश्त के दौरान गांव शक्कर मंदोरी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की। कुछ ही देर बाद गांव चाहरवाला की तरफ से सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी।
पुलिस को देखते ही चालक ने कार वापस मोड़ कर भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने कार का पीछा कर उसे रोक लिया। एएनसी के जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर प्लास्टिक के दो कट्टे मिले। कट्टों को खोलने पर उसमें से 55 किलो, 42 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
इसलिए पुलिस ने तहसील आदमपुर, जिला हिसार के गांव चूली कलां निवासी अमित कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने अमित से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह राजस्थान निवासी महेंद्र नाथ से डोडा चूरा पोस्त खरीदकर लाया था। पुलिस उसे भी तलाश रही है।
जल्द अमीर बनने के लिए करने लगा तस्करी
आरोपी अमित कुमार 12वीं पास है। जल्द अमीर बनने के लिए वह डोडा पोस्त की तस्करी करने लगा। अमित काफी अरसे से हिसार क्षेत्र में ही तस्करी कर रहा था। वह शनिवार को पहली बार क्षेत्र में डोडा पोस्त देने आते समय पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पूछताछ में अमित ने बताया है कि यह कार उसके दोस्त की है। जब्त कार की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। अमित ने पुलिस को बताया कि कीमती कारों की चेकिंग बहुत कम होती है। इसलिए वह तस्करी में फॉर्च्यूनर कार इस्तेमाल करने लगा।
चोपटा क्षेत्र में सप्लाई करने आ रहा था
एनएनसी के जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अमित ने ये डोडा पोस्त नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में सप्लाई करना था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि में तस्करी के इस नेटवर्क का पता लगाकर, इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी से यह भी पता लगाया जाएगा कि वह चोपटा क्षेत्र में किस ग्राहक को डोडा पोस्त देने आ रहा था।