सिरसा। कांडा कॉलोनी में घर से बरामद की गईं 83, 545 नशे की गोलियों के मामले में सीआईए सिरसा की टीम ने आरोपी प्रदीप कुमार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपी से पुलिस पता लगाएगी कि वह कहां से नशे की गोलियां लाता था।
इस मामले की जांच में सिरसा साइबर टीम भी जुटी हुई है। आरोपी के मोबाइल व अन्य डाटा को खंगाला जा रहा है। आरोपी का पहले मेडिकल स्टोर होने के कारण पुलिस की टीम सिरसा की मेडिकल एजेंसियों से लेकर हरियाणा और दिल्ली तक की मेडिकल एजेंसियों की कुंडली खंगाल सकती है।
बता दें कि रानियां रोड स्थित कांडा कॉलोनी में वीरवार को सीआईए सिरसा व ड्रग्स विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रदीप कुमार पुत्र जनक राज गांव मल्लेकां हाल कांडा कॉलोनी केलनियां रोड सिरसा के घर से 1770 एनडीपीएस एक्ट के तहत आने वाली दवाइयां बरामद की थीं। जबकि 81,775 वैकल्पिक तौर पर नशे के लिए प्रयोग होने वाली गोलियां बरामद कीं। आरोपी प्रदीप कुमार पहले गांव मल्लेकां में मेडिकल स्टोर करता था। नशीली दवाइयां बेचने के चलते उसका मेडिकल स्टोर विभाग ने सील कर दिया था।