सिरसा। नागरिक अस्पताल से मेडिकल करवाने के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार मोबाइल स्नेचिंग के आरोपी कर्ण को सीआईए टीम ने दो दिन बाद अनाज मंडी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश के लिए एसपी ने सीआईए, साइबर सेल, सिविल लाइन थाना, सिटी थाना सहित पांच टीमों को लगाया था। सीआईए टीम ने अनाज मंडी के निकट लगे सीसीटीवी कैमरे से आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की।
बता दें कि मोबाइल स्नेचिंग मामले में पुलिस ने विगत 14 जनवरी को कर्ण और हरदीप को पकड़ा था। दोनो आरोपी हॉकी के राज्य और राष्ट्रीयस्तर के खिलाड़ी हैं। पुलिस कर्ण को मेडिकल करवाने के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची तो यहां मौका पाकर कर्ण फरार हो गया। जानकारी पर एसपी डॉ. अर्पित जैन ने फरार आरोपी को काबू करने के लिए पांच टीमों का गठन कर दिया। इसके बाद सीआईए टीम ने नागरिक अस्पताल के आसपास लगती कॉलोनियों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पुुराने स्थानों पर भी धरपकड़ की। रविवार को टीम ने लोकेशन के अनुसार आरोपी को अनाज मंडी से काबू कर लिया।
पुलिस को चकमा देकर फरार आरोपी को काबू कर लिया है। मोबाइल स्नैचिंग के मामले में आरोपी को हिरासत में लिया गया था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
-प्रदीप कुमार, इंचार्ज, सीआईए सिरसा।