नागरिक अस्पताल का भवन । संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। थैलेसीमिया और हीमोफिलिया से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में अब स्पेशल सेंटर खोला जाएगा। जिसमें उनके इलाज के लिए बेड, खेलने के लिए खिलौने, म्यूजिक सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। इसके लिए मुख्यालय की ओर से 13 लाख रुपये का बजट भी जारी किया गया है। पीड़ित बच्चों को सेंटर में जांच करने के बाद उन्हें उपचार दिया जाएगा।
जिले में थैलेसीमिया और हीमोफिलिया के काफी मरीज इलाज लेने के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचे है। इन मरीजों के लिए अस्पताल में अलग से कोई भी सेंटर नहीं है। सेंटर न होने के कारण मरीजों का इमरजेंसी में ही इलाज किया जाता था। उनको रक्त चढ़ाने और इंजेक्शन देने के बाद घर भेज दिया जाता था। ऐसे में अब मुख्यालय की ओर से सभी जिलों में इंटीग्रेटिड सेंटर फॉर थैलेसीमिया और हीमोफिलिया सेंटर शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके पश्चात नागरिक अस्पताल में बने पीकू वार्ड में ही सेंटर बनाने का निर्णय लिया गया है। रोग से पीड़ित बच्चों को सेंटर में दाखिल कर उनका उपचार किया जाएगा। इससे पहले पीड़ितों को एक जगह से दूसरी जगह पर भटकने पर भी मजबूर होना पड़ता था। सेंटर बनने के बाद पीड़ित सीधे सेंटर में पहुंचकर इलाज ले सकेंगे।
एक मरीज के उपचार में लगते है करीब दो से तीन घंटे
सिरसा के साथ साथ अन्य राज्यों के थैलेसीमिया से पीड़ित मरीज जांच करवाने व रक्त चढ़वाने के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचते हैं। रोग से पीड़ित मरीजों को सप्ताह व माह में रक्त चढ़वाना पड़ता है। ऐसे में एक मरीज की जांच करने और उसे रक्त देने में करीब दो से तीन घंटे का समय लगता है। इलाज के दौरान मरीज इसी सेंटर में रहेंगे।
मनोरंजन का सामान रहेगा उपलब्ध
सेंटर में बच्चों के खेलने के लिए अलग-अलग प्रकार के खिलौने, म्यूजिक सिस्ट, एलईडी व मनोरंजन के लिए सामान उपलब्ध रहेगा। इसके लिए विभाग की ओर से 13 लाख का बजट भी जारी किया गया है। सेंटर तैयार करने के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। सेंटर बनने से पीड़ित बच्चों को काफी राहत मिलेगी।
नागरिक अस्पताल में थैलेसीमिया और हीमोफीलिया सेंटर बनाया जाएगा। जिसके लिए 13 लाख का बजट जारी हुआ है। जल्द ही सेंटर शुरू कर दिया जाएगा। सेंटर में पीड़ित बच्चों का इलाज किया जाएगा। -डॉ. संदीप गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।