सिरसा। व्हाट्सएप कॉल कर विदेश में वीजा और पासपोर्ट जब्त होने की बात कह एक शातिर ने सिरसा के गांव कोटली निवासी एक व्यक्ति से तीन लाख साठ हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलवंत सिंह निवासी गांव कोटली ने बताया कि 2 दिसंबर 2022 को उसके व्हाट्सएप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका रिश्तेदार बताया और विदेश में मुसीबत में होने की जानकारी दी। उसने बताया कि उसका वीजा और पासपोर्ट जब्त हो गया है वह यह बात घर पर नहीं बताना चाहता। फिलहाल वह मुश्किल में है और जमानत के लिए तीन लाख साठ हजार रुपये की आवश्यकता है। उसने वह राशि अपने वकील को जमानत करवाने के लिए देनी है। पीड़ित कुलवंत ने बताया कि वह उसकी बातों में आ गया और उसने अपने खाते से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में तीन लाख साठ हजार रुपये डलवा दिए। उक्त बैंक खाता मोहित के नाम से दर्ज था और पानीपत का था। इसके पश्चात उसने अपने रिश्तेदार के पास फोन किया तो उसे सच की जानकारी मिली और खुद के साथ धोखाधड़ी होने की जानकारी मिली। ऐसे में उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।