नगर परिषद के ईओ अमन ढांडा का पिछले सप्ताह तबादला हिसार हो गया। ईओ के तबादले से शहर की 200 गलियों के टेंडर पर ब्रेक लग गई है। क्योंकि जब तक नगर परिषद का कार्यभार संभाल रहे सचिव गुरशरण सिंह का टेंडर लगाने के लिए डोंगल नहीं बनेगी, तब तक टेंडर नहीं लगाए जा सकेंगे। ऐसे में इस सप्ताह लगने वाले टेंडर अब नहीं लग पाएंगे।
नगर परिषद ने शहर में दस करोड़ रुपये की लागत से करीब 200 गलियों के टेंडर के इस्टीमेट तैयार किए थे। साथ ही डी प्लान के करीब 12 विकास कार्यों के भी टेंडर लगाए जाने थे। क्योंकि डी प्लान के विकास कार्यों में सिंगल बिड आई थी, इसलिए इनके भी टेंडर, गलियों के टेंडर के साथ लगाए जाने थे। इन विकास कार्यों की फिजिबिल्टी रिपोर्ट में ये विकास कार्य फिजिबल होने पाए गए हैं। आन लाइन टेंडर लगाने के लिए नप के पास कम से कम दो डोंगल होने चाहिए। एक डोंगल एमई ब्रांच की होती हैं और दूसरी प्रशासनिक शाखा की। डोंगल एक प्रकार का डिजिटल सिग्नेचर सॉफ्टवेयर होता है। नप में ईओ और एसडीओ श्रवण बैनीवाल के नाम पर डोंगल बनी हुई है। लेकिन नप के ईओ अमन ढांडा का पिछले सप्ताह तबादला हो गया। ऐसे में उनकी जगह पर प्रशासनिक शाखा से एक अधिकारी का डोंगल होना जरूरी है। नप का कार्यभार अब सचिव गुरशरण सिंह के पास है। ऐसे में सचिव के नाम की डोंगल बनाई जाएगी। तभी टेंडर लगाए और खोले जाएंगे। डोंगल के लिए एनआईसी के पास आवेदन करना पड़ता है, जिसमें कम से एक हफ्ते का समय लगता है।
टेंडर में देरी होने से लोग हो रहे हैं परेशान: पार्षद
वार्ड नंबर 13 की पार्षद कौशल्या देवी का कहना है कि टेंडर में देरी से गलियों के काम रुके हुए हैं। पार्षद का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले उसके वार्ड की सुभाष कॉलोनी की गली नंबर एक का टेंडर लगाया गया था। यह टेंडर करीब 11 लाख रुपये का था। लेकिन टेंडर में केवल सिंगल बिड ही आई थी। जिस कारण टेंडर रिकॉल किया गया। लेकिन अभी तक टेंडर नहीं लग पाया। वार्डवासी कपिल ने कहा कि यह गली बेगू रोड को लगती है, गली की हालत खस्ता है।
काम धीमी गति से करने पर ठेकेदार को नोटिस
नगर परिषद की एमई शाखा ने वार्ड नंबर पांच में गलियों के निर्माण कार्य में देरी पर नोटिस जारी किया। ठेकेदार ने काम बंद किया हुआ था। क्योंकि डीसी ने इन गलियों का निरीक्षण किया था तो इंटर लॉकिंग टाइल की क्वालिटी सही नहीं थी और टाइल के सैंपल फेल हो गए थे। हालांकि पार्षद सुमन शर्मा ने कहा कि नोटिस के बाद ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है।
टेंडर लगाने के दो डोंगल होने चाहिए। एक डोंगल टेक्निकल शाखा और दूसरा प्रशासनिक शाखा से होना चाहिए। नया डोंगल सचिव का बनेगा। इसलिए डोंगल बनाने से कम से कम 15 दिन टेंडर लगाने का समय और लगेगा।
-सुमित मलिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद सिरसा।
tender for 200 lanes will not be able this week- फोटो : Sirsa