संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नगर परिषद ने शहर के 76 पार्कों को विभिन्न संस्थाओं को गोद दिया है। इन पार्कों में संस्थाओं ने कितना कार्य किया और उसकी प्रोग्रेस रिपोर्ट क्या है, इसको लेकर नगर परिषद ने जेई स्तर के अधिकारियों की टीमें गठित की है। यह टीमें पार्कों में जाकर सभी पार्कों की मौजूदा स्थिति देखेगी।
जानकारी के अनुसार शहर के पार्कों में बड़े स्तर पर सुधार आया है। जब से पार्क संस्थाओं को गोद दिए गए हैं। संस्थाओं में भी पार्कों को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हुई है। इसी सोच को बनाए रखने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने इस मॉनिटरिंग टीम का गठन किया है।
बता दें कि नगर परिषद प्रशासन की ओर से 76 पार्क संस्थाओं को गोद दिए थे। इन संस्थाओं को लक्ष्य दिया गया था कि वह तीन माह तक पार्कों में विकास कार्य करें। तीन माह बाद विकास कार्यों की जांच नगर परिषद की टीमों द्वारा की जाएगी। पार्क की स्थिति का जायजा लेने के बाद ही संस्था को पार्क देने के निर्णय को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी दिशा में कार्य करते हुए अब नगर परिषद प्रशासन ने तीन टीमों को गठन किया गया है। जो फील्ड में उतरकर इन पार्कों की जांच कर रही है।
-
जांच के बाद ही होगा पैसा जारी
नगर परिषद की इन टीमों द्वारा जांच करने के बाद ही पार्कों में किए गए कार्यों के अनुरूप ही पैसा जारी किया जाएगा। जिस पैसे का प्रयोग पार्क समितियां पार्क में रखे हुए कर्मचारियों को सैलरी स्वरूप देगी। अभी तक नगर परिषद के पास कई पार्क समितियां अपने बिल जमा करवा चुकी है। ऐसे में फील्ड रिपोर्ट इन पार्क समितियों के लिए अहम होगी।
-
देवीलाल पार्क में लगाया गया है शेड
नगर परिषद ने डी प्लान के तहत देवीलाल पार्क में शेड लगाने का कार्य किया है। लंबे समय से देवीलाल पार्क में शेड की मांग की जा रही थी। इसलिए नगर परिषद ने डी प्लान के तहत शेड निर्माण का कार्य किया है।
एक सप्ताह में देनी है रिपोर्ट
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह के अंदर फील्ड में जाकर सभी पार्कों की रिपोर्ट तैयार करनी है। इस दौरान कोन कौन की कमियां पार्कों में उसका आंकलन भी किया जाना है, ताकि उसे दूर किया जा सके। वहीं, आस पास के लोगों से भी पार्क समिति के कार्य की जानकारी लेनी है। लोगों को समिति के कार्य के प्रति क्या कहना है।
शहर में गोद दिए गए सभी पार्कों की जांच करने के लिए तीन जेई की ड्यूटी लगाई गई है। जो पार्कों में जाकर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे कि समितियां किस तरह से कार्य कर रही है। इससे शहर के पार्कों को ओर बेहतर बनाया जा सके।
अनिल मोहिल, एसडीओ, नगर परिषद।