सिरसा। शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रही ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में जारी मेरिट स्कोर पर जिले में 101 शिक्षकों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इन आपत्तियों के निपटारे के लिए जिला स्तर पर कमेटियां गठित कर समाधान प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया है, जो शिक्षकों की शिकायतों की जांच करेगी।
10 से 12 दिसंबर के बीच जिले के सभी शिक्षकों ने अपनी सर्विस और व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन अपडेट की थी। इसी डाटा के आधार पर विभाग ने मेरिट प्वाइंट तय कर फाइनल लिस्ट तैयार की और शिक्षकों का डिटेल स्कोर जारी किया। स्कोर निर्धारण में उम्र, कुल सेवा अवधि, शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियां, व्यक्तिगत परिस्थितियां और ट्रांसफर पॉलिसी में निर्धारित मापदंडों को शामिल किया गया।
स्कोर जारी होने के बाद 21 से 27 दिसंबर के बीच 101 शिक्षकों ने आपत्तियां दर्ज कराईं। इनमें कक्षा पहली से आठवीं तक के 70 शिक्षक शामिल हैं, जिनमें जेबीटी, एचटी, टीजीटी, सीएंडवी और ईएसएचएम शिक्षक हैं। वहीं कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के 31 शिक्षक, जिनमें पीजीटी, प्रिंसिपल और हेडमास्टर शामिल हैं ने भी आपत्तियां दी हैं।
-
शिक्षकों ने यह दर्ज कराई हैं आपत्तियां
शिक्षकों का कहना है कि मेरिट स्कोर में अंक संबंधी गड़बड़ी के साथ-साथ अपडेटेड सर्विस डाटा में भी कई तकनीकी त्रुटियां सामने आई हैं। इसके अलावा कपल केस से जुड़े अंकों और दिव्यांग अभ्यर्थियों के अंकों के लिए भी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। नियमों के अनुसार दिव्यांग अभ्यर्थियों को पत्नी और बच्चों के आधार पर भी अंक दिए जाते हैं, लेकिन कई मामलों में यह लाभ सही तरीके से नहीं जुड़ पाया है।
कमेटी ने इनको किया शामिल
आपत्तियों के निपटारे के लिए जिला शिक्षा विभाग की ओर से गठित विशेष कमेटियों में संबंधित खंड के खंड शिक्षा अधिकारी और टेक्निकल नोडल अधिकारी को शामिल किया गया है। कक्षा पहली से आठवीं तक के लिए संजय मोंगा और कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के लिए विनोद गोदारा को टेक्निकल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 30 दिसंबर से 3 जनवरी तक चलेगी। इस दौरान आपत्ति दर्ज कराने वाले शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से कमेटी के समक्ष उपस्थित होकर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। जिले में शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 5807 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें शिक्षक, क्लास-फोर कर्मचारी और अन्य स्टाफ शामिल हैं।
जिले से शिक्षकों की आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जिले से 101 शिक्षको ने अपनी आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। जल्द समाधान किया जाएगा। -
संजय मोंगा, नोडल अधिकारी।