डबवाली। जैन संस्थान में प्रवचन देते हुए महासाध्वी। संस्था।
डबवाली। नववर्ष के शुभारंभ पर एसएस जैन स्थानक में दिव्य साधिका व रजत रश्मि महाराज ठाणे-4 के पावन सानिध्य में जप अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान महासाध्वी रजत रश्मि महाराज ने श्रद्धालुओं को 170 तीर्थंकर भगवंतों की उत्कृष्ट जप साधना के रूप में श्री तिजयपहुत्त स्तोत्र का सामूहिक पाठ करवाया।
उन्होंने बताया कि श्री तिजयपहुत्त स्तोत्र अत्यंत प्रभावशाली एवं कल्याणकारी स्रोत है। इसके श्रद्धा एवं नियमपूर्वक पाठ से साधक की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में शांति, सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने नववर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं से आत्मशुद्धि, संयम, सदाचार और धर्म मार्ग पर अग्रसर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जप, तप और ध्यान के माध्यम से ही जीवन के कष्टों का समाधान संभव है।
इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था, एकाग्रता और भावभक्ति के साथ सहभागिता करते हुए पुण्यार्जन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों पर आध्यात्मिक संतोष और आनंद स्पष्ट झलक रहा था। प्रवचनों के उपरांत सभी के लिए चाय, दूध व ब्रेड का लंगर भी लगाया गया। जैन सभा डबवाली के प्रधान सुभाष जैन पप्पी ने कहा कि नववर्ष के इस पावन धार्मिक आयोजन ने धर्म, साधना और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हुए श्रद्धालुओं के लिए नववर्ष को सार्थक और मंगलमय बना दिया। उन्होंने बताया कि दिव्य साधिका श्री रजत रश्मि जी महाराज ठाणे-4 शुक्रवार और शनिवार को भी एसएस जैन स्थानक डबवाली में विराजमान रहेंगी। इन दोनों दिनों में सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक उनके प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।