ग्रामीणों को जागरूक करते हुए पुलिस।
सिरसा। डबवाली के नवनियुक्त एएसपी मयंक मुदगिल ने शुक्रवार को गांव तेजाखेड़ा व भेरू खेड़ा में पहुंचकर गांव के बुजुर्गों, मौजिज व्यक्तियों व सरपंच के साथ अपराधों व नशा पर रोकथाम बारे उनकी समस्याओं व सुझावों पर चर्चा की। एएसपी प्रशिक्षण अवधि के दौरान कुछ समय के लिए थाना शहर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं व एसआई शैलेंद्र कुमार को अतिरिक्त प्रभारी थाना शहर नियुक्त किया गया है।
इस अवधि में वे डबवाली क्षेत्र की समस्याओं व सुझावों बारे जानकारी हासिल करेंगे व उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। एएसपी पैदल गश्त के दौरान गांव के महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी हासिल की। आमजन से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हमारा सबसे पहला लक्ष्य डबवाली क्षेत्र को नशा मुक्त बनाना है। इस कार्य में पुलिस अकेले काम नहीं कर सकती बल्कि आमजन का सहयोग भी जरूरी है। डबवाली पुलिस नशे से पार पाने के लिए दिन रात एक करके नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने में कामयाब रही है।
साथ ही गांव, शहर मोहल्ला, स्कूल कालेज व झुग्गी झोपड़ियों में जाकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों बारे जागरूक कर रही है।इसके अलावा युवाओं को योग व खेलों की ओर ले जाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस आमजन से यह आशा करती है कि वे अपने आस पास के क्षेत्र में नशा करने व नशा बेचने वालों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करे व ऐसी कोई भी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या 112 टीम को जरूर दें। डबवाली पुलिस अपराधों पर रोकथाम लगाने के लिए दिन रात गश्त करेगी। इस दौरान प्रभारी चौकी चौटाला सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार मौजूद रहे।