संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस की ओर से स्कूल, कॉलेज, आईटीआई इत्यादि में बच्चों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने के उद्देश्य को लेकर अक्तूबर के तीसरे सप्ताह में सड़क सुरक्षा प्रश्नोतरी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा।
एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को शुरू से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उनका पालन करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि बचपन से सीखा हुआ सबक जिंदगी भर याद रहता है। बचपन का समय सीखने और सिखाने का समय होता है तथा इस अवस्था में बच्चे किसी भी विषय के बारे में जल्दी ग्रहण करते हैं। एसपी ने बताया कि इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले विद्यार्थियों को रेंज स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।