राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जोधपुरिया के विद्यार्थी श्रम निषेध के प्रति जागरूक करते हुए।
सिरसा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जोधपुरिया के विद्यार्थियों की ओर से बाल श्रम निषेध के प्रति जन जागरूकता के लिए एक रैली निकाली। विद्यार्थियों ने हाथों में स्लोगन पोस्टर लेकर ग्रामीणों को बाल श्रम के विरुद्ध जागरूक किया। इसके पश्चात समर कैंप के अंतर्गत कल्चर गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पंजाब में कार्यरत शिक्षक राजपाल ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को शब्द कीर्तन से जोड़ा एवं सिख संस्कृति व परंपराओं की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को गुरु घर साहुवाला प्रथम का भ्रमण करवाया गया। जहां उन्हें सिख धर्म के गुरुओं के ऐतिहासिक योगदान से अवगत कराया गया और सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक लंगर में भाग लेकर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रवक्ता हरविंदर ने भारत की नदियों, पर्वतों एवं ऐतिहासिक स्मारकों की विस्तृत जानकारी देकर विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। विद्यालय द्वारा आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव एवं राष्ट्रीय एकता की भावना का संचार किया। इस रैली में विद्यालय की प्राचार्या मंजू कासनिया, सरपंच वेद प्रकाश थोरी और देवेंद्र आदि मौजूद रहे।