सीडीएलयू में अनुबंधित प्राध्यापकों की हड़ताल को लेकर वीरवार को धरना स्थल पर छात्र संगठनों व राजनीतिक दलों के नेताओं का तांता लगा रहा। सुबह आम आदमी पार्टी, जनजायक जनता पार्टी, हलोपा, कांग्रेस, इनेलो ने भी अनुबंधित प्राध्यापकों के अनिश्चतकालीन हड़ताल का समर्थन किया। वहीं 11 बजे सभी छात्र संगठनों ने रजिस्ट्रार राकेश वधवा से मुलाकात की। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को समान काम, समान वेतन देने के आदेश को लागू करने के लिए कहा। छात्र संगठनों ने कहा कि विश्वविद्यालय के अनुबंधित प्राध्यापकों की हड़ताल के कारण कक्षाएं बंद पड़ी हैं। इसलिए इसका जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए। छात्र संगठनों ने पहले दो घंटे तक मांगे मानने का अल्टीमेटम दिया। लेकिन बाद में अल्टीमेटम शाम तक कर दिया गया और साथ ही कहा गया कि यदि अनुबंधित प्राध्यापकों की मांगों पर विचार नहीं किया जाता तो शुक्रवार को गेट पर तालाबंदी कर दी जाएगी।
दूसरी ओर सीडीएलयू ने अनुबंधित प्राध्यापकों के मामले पर माहौल गर्माता देखकर एक चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। जिसमें कि प्रोफेसर राजकुमार सिवाच, आरती गौड़, रंजीत कौर, असिस्टेंट रजिस्ट्रार कुलदीप देवगुण को इसमें शामिल किया गया। कमेटी ने सेशन पदों के विपरीत समान काम, समान वेतन लागू करने के फैसले को मंजूरी दे दी। वीसी की मंजूरी के बाद इसकी नोटिफिकेशन जारी कर दी गई। सीडीएलयू में प्राध्यापकों की सेंशन पोस्ट 65 है। जबकि अनुबंधित प्राध्यापकों के पद 76 हैं। ऐसे में समान काम, समान वेतन का लाभ 65 को ही मिलना था। बाकी 11 अनुबंधित प्राध्यापकों को इसका लाभ नहीं मिलना था। उनके केस सरकार के पास भेजे जाने थे। शाम को रजिस्ट्रार राकेश वधवा ने अनुबंधित प्राध्यापकों के धरना स्थल पर वीसी विजय कायत के कमेटी के फैसले की नोटिफिकेशन जारी करने की सूचना दी। लेकिन अनुबंधित प्राध्यापकों ने कहा कि जो बाकी प्राध्यापक इस लाभ से वंचित रह गए हैं, उनके लिए क्या रास्ता निकाला गया। प्राध्यापकों ने कहा कि वे सभी अनुबंधित प्राध्यापकों को समान काम, समान वेतन का लाभ न मिलने तक भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। रजिस्ट्रार राकेश वधवा ने कहा कि विश्वविद्यालय का जो दायित्व बनता था, वो हमने कर दिया। सीडीएलयू ने बाकी विश्वविद्यालय के नियमों का अनुसरण किया है। इसके बाद रजिस्ट्रार धरने से लौट आए।
शाम को एचएसए के छात्र भी बैठे धरने पर
वही चार अनुबंधित प्राध्यापकों के समर्थन में एचएसए छात्र संगठन के 6 विद्यार्थी भी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। जबकि अनुबंधित प्राध्यापक विकास नैन, कृष्ण कुमार, प्रवीण वशिष्ठ और वंदना भूख हड़ताल पर बैठी हुई हैं। वहीं विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को किसी हंगामे के अंदेशे को लेकर सुरक्षा सख्त करने के निर्देश दिए हैं। रजिस्ट्रार राकेश वधवा ने सुरक्षा कर्मचारियों को सख्ती करने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्रों की आड़ में कोई असामाजिक तत्व न घुस जाए।
चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था, वीसी ने सेंक्शन पदों के विपरीत पदों को समान काम, समान वेतन देने के फैसले को लागू कर दिया। लेकिन अनुबंधित प्राध्यापकों ने इसे मानने से इंकार कर दिया। सीडीएलयू का शैक्षणिक माहौल खराब करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है।
-राकेश वधवा, रजिस्ट्रार, सीडीएलयू सिरसा।