सिरसा। नगर परिषद की ओर से शहर में सड़कों व गलियों को निर्माण करवाया जाएगा। इसको लेकर नगर परिषद ने पांच करोड़ रुपये के टेंडर लगाए हैं। इसके साथ ही नहेरु पार्क की भी दशा सुधारी जाएगी। इस पर करीब 28 लाख 25 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के दौरे के बाद शहर के विकास कार्यों में तेजी देखने को मिली है। परिषद ने टेंडर के माध्यम से भाजपा नेताओं को संतुष्ट करने का कार्य भी किया गया है। कुछ गलियों का निर्माण भाजपा नेताओं के क्षेत्र में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न वार्डों में गलियों का निर्माण किया जाएगा।
बता दें कि इससे पूर्व भी नगर परिषद की ओर से 10 करोड़ के विकास कार्यों के प्रोजेक्ट लगाए गए थे। इनके विकास कार्य अभी जारी है। अब पांच करोड़ रुपये से और विकास कार्य किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शहर में पार्क, ग्रीन बेल्ट और अन्य विकास कार्यों के प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं।
शहर के पार्कों की स्थिति सुधारने की दिशा में भी नगर परिषद प्रशासन ने काम करना शुरू कर दिया है। जनता भवन रोड पर बने नेहरू पार्क के शौचालय की दशा सुधारने के साथ साथ पार्क की मरम्मत की जाएगी। पार्क में 28 लाख रुपये का खर्च किया जाएगा। हालांकि पार्क में ग्रीनरी है और हाई मास्ट लाइटिंग लगी हुई हैं।
यह हैं गलियों के टेंडर
वार्ड 21 में 20 लाख रुपये से एमपीआर ट्रेडर्स से प्रदीप रातुसरिया फैक्टरी वाले गली का निर्माण
सी ब्लॉक में 35 लाख 69 हजार रुपये से तुरियानंद मंदिर से पुलिस स्टेशन वाली गली का निर्माण
वार्ड 1 में 77 लाख 30 हजार रुपये से गलियों का निर्माण
वार्ड 2 में 90 लाख 78 हजार रुपये से गलियों का निर्माण
वार्ड 26 में 23 लाख 81 हजार रुपये से श्याम मंदिर के साथ वाली सतनाली धर्मशाला श्याम कॉलोनी वाली गली का निर्माण
36 लाख 85 हजार रुपये से भारत सिंह से खाजाखेड़ा वाली सड़क का निर्माण
ऑटो मार्केट रोड में होगा एक करोड़ 93 लाख का काम
ऑटो मार्केट की सड़कों की हालत बेहद खस्ता है। ऑटो मार्केट के लिए विशेष प्रोजेक्ट भले ही विभाग तैयार कर रहा है, लेकिन इससे पहले एक करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से सीसी की सडक बनाई जाएगी। इससे ऑटो मार्केट में वाहनों का आवागमन आसानी से हो सके। यह सड़क रेलवे ओवरब्रिज से लेकर रूद्रा मोटर तक सीसी की सड़क बनाई जाएगी।
-शहर विकास को लेकर पांच करोड़ रुपये के टेंडर लगाए गए हैं। इनमें पार्क की मरम्मत के साथ साथ शहर के वार्डों और ऑटो मार्केट की सड़क भी बनाई जाएगी। अभी विकास कार्यों को लेकर अन्य प्रोजेक्ट भी बनाए जा रहे हैं। -
अनिल मोहिल, एमई, नगर परिषद सिरसा