सड़क पर खड़ी बस में चढ़ती सवारियां।
- फोटो : Sirsa
यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए बस अड्डे के बाहर लगने वाली निजी तथा रोडवेज बसों को पहले तो नोटिस दिया था कि वह यहां पर बसें न लगाएं और अगर बसें लगी पाई जाती है तो उनका चालान किया जाएगा। बस चालकों के न मानने के बाद भी यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोडवेज की 13 बसों का पोस्टल चालान किया था। लेकिन इसके बावजूद भी बस चालकों ने बसों को खड़ा करना नहीं छोड़ा। एसएचओ बहादुर सिंह ने उपायुक्त को एक पत्र लिख इस बारे में जानकारी दी है। रोडवेज महाप्रबंधक केआर कौशल का कहना है कि चालक परिचालक का चालान कटने के बाद वह खुद इसका भुगतान करेंगे।
बता दें कि बस अड्डे के बाहर वाहनों का जमावड़ा लगने के कारण जाम की स्थिती बन रही थी। जिसको लेकर यातायात पुलिस ने एक अभियान शुरू किया कि सड़क के बीच में रुकने वाले वाहन तथा ऑटो चालकों के चालान किए जाएंगे। इसपर एसएचओ बहादुर सिंह ने करीब आठ बार ऑटो चालकों की बैठक बुलाई और चेतावनी दी कि अगर उन्होंने कहीं भी रास्ते में ऑटो को रोका तो उनका चालान किया जाएगा। सीएम विंडो में ज्यादातर शिकायतें यह थी कि बस अड्डे के बाहर बस चालक अपनी बसें लगाकर सवारियां बिठाते हैं। जिस कारण पीछे से आने वाले वाहनों से जाम की स्थिति बन जाती है। जानकारी मिलने के बाद एसएचओ बहादुर सिंह रोडवेज महाप्रबंधक केआर कौशल के साथ भी एक बैठक की और उन्हें बताया कि रोडवेज चालक बसों को सड़क पर खड़ा कर रहे हैं। महाप्रबंधक ने कहा कि अगर कोई चालक नियमों का पालन नहीं कर रहा है तो उसका चालान किया जाए, जिसका भुगतान वह खुद करेगा। यातायात पुलिस की टीम बस अड्डे के बाहर तैनात कर दी और तीन दिन में लगभग 13 बसों के पोस्टल चालान काटे गए। लेकिन चालान काटने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और पुलिस कर्मियों के निकलते ही बस चालकों ने बसें रोकना शुरू कर दिया। कुछ दिनों के बाद यातायात पुलिस भी शांत हो गई और बस चालक बिना किसी डर झिझक के बसों को बाहर करीब आधे घंटे तक रोकने लग गए। बस अड्डे के बाहर स्थिति जस की तस है। लेकिन यातायात पुलिस का इस ओर कोई ध्यान नहीं जा रहा है।
जो भी चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करेगा उसका चालान किया जाएगा। जिसका भुगतान चालक परिचालक अपने स्तर पर करेंगे।
-केआर कौशल, सिरसा डिपो महाप्रबंधक
जो चालक नियमों का उल्लंघन करेंगे उनका चालान किया जाएगा। रोडवेज तथा निजी बसों को बाहर सड़क पर नहीं रुकने दिया जाएगा, जो भी बस रुकेंगी उसका चालान किया जाएगा। वहीं इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।
-इंस्पेक्टर बहादुर सिंह, एसएचओ यातायात पुलिस, सिरसा।
stoped bud in station gate, havy traffic- फोटो : Sirsa