traffic police was fout bullet fine for 10-10 thousand rupees
- फोटो : Sirsa
यातायात पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल चालकों और नाबालिगों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया हुआ है। यातायात पुलिस ने शनिवार को विभिन्न जगहों पर चार बुलेट में प्रतिबंधित साइलेंसर लगे होने और छह बुलेट के कागजात पूरे न होने पर चालान काटे गए। यातायात एसएचओ ने मौके पर दो बुलेट मोटर साइकिल के प्रतिबंधित साइलेंसर बदलवाकर मोटरसाइकिल के साथ आने वाले वास्तविक साइलेंसर डलवाएं। मार्केट में भी यातायात पुलिस के राइडर गश्त के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल सवारों के कागजातों की जांच कर रहे हैं।
यातायात पुलिस शनिवार को भूमणशाह चौक पर चेकिंग कर रही थी, इस दौरान विशेष बुलेट मोटरसाइकिल सवार चालकों को रोककर साइलेंसर चेक किए। चेकिंग के दौरान चार बुलेट मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित सांइलेंसर लगे होने पर करीब उन चारों के 10-10 हजार के चालान काटे गए। इस दौरान दो युवकों के बाइक के मौके पर ही साइलेंसर को बदलवाया गया। शहर में गश्त करते समय बरनाला रोड़ पर बुलेट मोटरसाइकिल सवार का करीब 16 हजार 500 का चालान काट दिया। उसका हेलमेट, लाइसेंस, नंबर प्लेट और प्रतिबंधित साइलेंसर लगाने पर इतनी रकम का चालान काटा गया।
एसएचओ बहादुर सिंह ने बताया कि यातायात नियम का पालन न करने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। बुलेट में प्रतिबंधित साइलेंसर लगे होने पर तुरंत चालान काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले को मौका नहीं दिया जाएगा, तुरंत प्रभाव से चालान काटे जाएंगे। चालकों को जागरूक होने की जरूरत है, यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चालक हर समय हेलमेट व कागजात अपने साथ रखे।
नियमित चेकिंग के दौरान बुलेट सवारों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अगर कोई प्रतिबंधित साइलेंसर लगा हुआ मोटरसाइकिल मिलता है तो उसका चालान किया जा रहा है।
बहादुर सिंह, एसएचओ, यातायात पुलिस।