सिरसा। पुलिस कर्मचारियों को शपथ दिलाते एसपी दीपक सहारन। पुलिस
सिरसा। नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय प्रांगण में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में सभी पुलिस कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया और शपथ ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने प्रतिज्ञा ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी इसके दुष्परिणामों से जागरूक करेंगे।
इस दौरान एसपी दीपक सहारण ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ और ऊर्जा होते हैं। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए, तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बदलाव की शुरुआत खुद से होती है, इसलिए हम सभी को न केवल स्वयं, बल्कि परिवार, मित्र और समाज को भी नशा मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लेना होगा।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि नशे से जुड़ी कोई भी जानकारी छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने साथ ही नशे के आदी व्यक्तियों की काउंसिलिंग कराने और उन्हें नशा मुक्ति के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया
थानों व चौकियों में भी आयोजित हुआ समारोह
इस अवसर पर जिले के सभी थानों व पुलिस चौकियों में भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। डीएसपी संजीव बल्हारा, इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया। एसपी दीपक सहारण ने युवाओं से आह्वान किया कि सिरसा पुलिस के महा अभियान से जुड़कर नशा मुक्त समाज बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।