सिरसा। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पुलिस ने शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में एक खेल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि डीसीपी संजीव बल्हारा पहुंचे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शमशेर सिंह ट्रैफिक और इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मलिक ने की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजीव बल्हारा ने कहा कि हमें नशे से दूर रहना चाहिए और देश सेवा का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का एक छोटा सा प्रांत हरियाणा, जोकि खेलों में सर्वाधिक पदक लाता है और हरियाणा का नाम रोशन करता है, उसे रोशनी में उसे खिलाड़ी की मेहनत और प्रतिभा भी छुपी होती है।
हिंदी प्रवक्ता चमन भारतीय ने कहा कि सेवा सुरक्षा और सहयोग और पुलिस की उत्कृष्ट कार्य शैली, दिन-रात उनकी मेहनत लगन परिश्रम और राष्ट्र सेवा के बारे में बताया कि किस प्रकार जोखिम उठाकर भी हमारी रक्षा पुलिस विभाग करता है। 21 से 31 अक्तूबर के मध्य में पुलिस शहीदी दिवस मनाया जाता है, जो पुलिस के कर्मचारी, अधिकारी राष्ट्र के लिए अपना बलिदान देते हैं।
ट्रैफिक इंचार्ज शमशेर सिंह ने कहा कि यातायात के नियमों का भी पालन करना चाहिए। आप एक लाख की बाइक लेते हैं और एक 500 रुपये की हेलमेट का लालच कर जाते हैं, जो कि आपकी सुरक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी लेता है। आप सभी जब भी दोपहिया वाहन चलाएं हेलमेट अवश्य लगाएं और गाड़ी चलाएं तो सीट बेल्ट जरूर लगाएं। इस अवसर पर नवजीत, दर्शन, रीतेंद्र पांडे, अनूप डीपीई, प्रमोद कुमार, पंकज कुमार, देवेंद्र कुमार, जयकरण आदि मौजूद रहे।