संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढूकड़ा के 33 कबड्डी खिलाड़ियों को ग्राम पंचायत की ओर से शनिवार को नई स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। नेतृत्व गांव के युवा सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा ने किया। विद्यालय की ओर से ग्राम पंचायत और सरपंच का सम्मान कर सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय की प्राचार्य मोना पुरी ने बताया कि यह विद्यालय पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है कि अब 33 कबड्डी खिलाड़ी एक समान आकर्षक स्पोर्ट्स यूनिफॉर्म में जिला, राज्य तथा अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि एक जैसी खेल पोशाक खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करती है। साथ ही इससे विद्यालय और गांव की अलग पहचान भी बनती है।
प्राचार्य ने सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा व ग्राम पंचायत का धन्यवाद देते हुए कहा कि पंचायत हमेशा विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सहयोग करती रही है। शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए पंचायत समय-समय पर नई पहल करती है। इसका सकारात्मक परिणाम विद्यालय की उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है। इस अवसर पर सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढूकड़ा आने वाले समय में हरियाणा के उत्कृष्ट विद्यालयों में अपनी पहचान बनाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में बालकों के लिए कबड्डी नर्सरी तथा बालिकाओं के लिए फुटबॉल नर्सरी संचालित की जा रही है जहां खिलाड़ियों को नियमित और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस मौके पर प्रहलाद सिंह बेनीवाल, राजेंद्र सिंह, दलीप सिंह, भगवाना राम, डीपीई विजय कुमार, कृष्ण डूडी, कबड्डी नर्सरी कोच रमेश, फुटबाल कोच प्रमिला, मनीष तथा विद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।