बैठक के दौरान दिशा निर्देश देते हुए एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जिले में 30 नवंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण मतदाता सूची-2022 अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बूथ स्तर पर नए वोट बनाए जा रहे हैं। जिस भी नागरिक की आयु एक जनवरी, 2022 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो, वह 30 नवंबर तक अपने बूथ लेवल अधिकारी को फार्म नंबर 6 जमा करवाकर अपना नया वोट बनवा सकता है।
एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2022 को लेकर राजनीतिक दलों तथा अधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सीटीएम गौरव गुप्ता, चुनाव तहसीलदार हनुमानदास व तहसीलदार गुरदेव भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें राजनीतिक दलों से सहयोग की विशेष तौर पर अपेक्षा रहती है। इसलिए सभी राजनीतिक दल अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से नए वोट बनवाने के संबंध में नागरिकों को जागरूक करें और इस कार्य में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोट बनवाने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा की ओर से 30 नवंबर तक फोटोयुक्त मतदाता सूची-2022 के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ के पात्र व्यक्तियों के नए वोट बनवाने, वोट कटवाने, पता बदलवाने आदि फार्म प्राप्त करेंगेे। उन्होंने बताया कि 13, 14 तथा 27, 28 नवंबर को विशेष अभियान तिथियां होंगी। इन तिथियों में सभी बीएलओ प्रात: 9 से सायं 5 बजे तक अपने बूथों पर उपस्थित रहकर आमजन से नये वोट बनवाने तथा दावे व आपत्तियों के फार्म प्राप्त करेंगे। कोई पात्र व्यक्ति जिसकी आयु एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो, वह 30 नवंबर तक अपने बूथ लेवल अधिकारी के पास फार्म नंबर 6 भरकर जमा करवा दें। उन्होंने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम बारे आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करें और अपने आस-पास के पात्र नागरिकों के नए वोट बनवाने में सहयोग करें। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।