सिरसा में पुलिस कर्मियों के साथ होली खेलते एसपी विक्रांत भूषण।
सिरसा। एसपी विक्रांत भूषण के आवास पर शुक्रवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी ने जवानों को तिलक कर उन्हें होली की बधाई दी। डीजे और ढोल की धुन पर जवानों संग नाच-गाकर समा बांधा गया। इस समारोह में एएसपी उतम पहल, डीएसपी आदर्श दीप सिंह, डीसीपी संजीव बल्हारा सहित जिला के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों के परिजनों ने भाग लिया। एसपी विक्रांत ने कहा कि जिस प्रकार होली के त्योहार को रंगों का त्योहार माना गया है, ठीक उसी प्रकार होली का त्योहार सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के जीवन में उन्नति, सफलता, खुशहाली के रंग लेकर आए। प्रत्येक नागरिक होली के पावन पर्व को पूरी शालीनता, सादगी और प्रेमपूर्वक मनाएं।
रोड़ी के डेरे में आयोजित मेले से बाइक चोरी
रोड़ी। स्थानीय डेरा परिसर में आयोजित मेले से एक युवक की बाइक चोरी हो गई। पीड़ित अमनदीप ने रोड़ी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। अमनदीप ने पुलिस को बताया कि वह डेरा श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा गोसपुरी महाराज में आयोजित सालाना जोड़ मेले के समापन समारोह में गया था। उसने अपनी बाइक डेरे के बाहर खड़ी की थी और दर्शन करने के लिए अंदर चला गया। वहां से लौटकर देखा कि बाइक गायब थी। काफी तलाश करने और वहां लगी दुकानों पर पूछताछ करने के बावजूद बाइक नहीं मिल सकी। इसलिए उसने पुलिस को सूचित किया। इस शिकायत के आधार पर रोड़ी थाना पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।