सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शुक्रवार को जिले के सभी डीएसपी व थाना प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन और कानून व्यवस्था पर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नशा तस्करी में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, वांछित भगोड़ों की धरपकड़ तेज करने और आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के सख्त आदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि यदि उनके क्षेत्र में कोई अपराध घटना होती है तो वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और उच्च अधिकारियों को तत्काल अवगत कराएं। अनुसंधानकर्ता अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी तरह से वीडियोग्राफी करेंगे ताकि सबूत मजबूत रहें। इसके अलावा सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहेंगे और अपना हथियार साथ रखेंगे।
हर सप्ताह की जाएगी समीक्षा
एसपी ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस चेकिंग और पैदल गश्त बढ़ाने को कहा गया ताकि गृहभेदन और वाहन चोरी जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि हर सप्ताह थाना प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।