सिरसा: नशे के खिलाफ शपथ लेते एसपी दीपक सहारन व अन्य उपस्थित लोग। पुलिस
सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत वीरवार को लाल बत्ती चौक पर सेल्फी स्टैंड का शुभारंभ किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में प्रत्येक व्यक्ति को नव वर्ष पर यह प्रण लेना चाहिए कि वह न तो खुद नशा करेगा और न ही अपने आस-पास किसी को नशा बेचने देगा।
यदि हर परिवार का प्रत्येक सदस्य यह संकल्प ले कि वह नशे से पूरी तरह दूर रहेगा, तो समाज स्वतः ही सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बन सकता है। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और आर्थिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित करता है, बल्कि यह अपराध, घरेलू हिंसा, मानसिक तनाव और सामाजिक असंतुलन जैसी गंभीर समस्याओं को भी जन्म देता है।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक होना होगा और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करना होगा। नशा मुक्ति की दिशा में युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, बच्चों और मित्रों को इसके खतरों के बारे में जागरूक करें।