सिरसा। पार्क में पैमाइश करवाते हुए सीएम फ्लाइंग की टीम। शहरवासी
सिरसा। नगर परिषद में बीते चार दिनों से मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम जांच में जुटी हुई है। पहले दो दिनों तक दस्तावेजों की जांच के बाद वीरवार को टीम ने नेहरू पार्क सहित अन्य पार्कों की पैमाइश कर वास्तविक स्थिति की जांच की।
पार्कों के निर्धारित क्षेत्रफल से कम होने की शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार उप निरीक्षक राजेश कुमार और जितेंद्र कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्कों के प्रत्येक हिस्से की नियमानुसार पैमाइश की। इस दौरान नगर परिषद के जेई रोहित हुड्डा भी टीम के साथ मौजूद रहे। टीम को दो सोसायटियों के पार्कों की शिकायतें मिली थीं। नगर परिषद की टीम पहले ही इन मामलों की जांच कर संबंधित सोसायटियों पर जुर्माना लगाकर रिकवरी कर चुकी है। इसके बावजूद सीएम फ्लाइंग द्वारा दोबारा भौतिक सत्यापन किया गया।
ठेकेदार के एक साल के कार्यों की मांगी रिपोर्ट
नगर परिषद में एक ठेकेदार द्वारा कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर सीएम फ्लाइंग ने संबंधित ठेकेदार के पिछले एक वर्ष के सभी कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। बताया जा रहा है कि उक्त फर्म ने शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए हैं, जिनकी अब सीएम फ्लाइंग द्वारा गहन जांच की जाएगी।