संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। गांव किशनपुरा में वीरवार की रात को पुत्र ने चाकू मारकर पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
गांव किशनपुरा निवासी देसराज गुरुवार रात 10 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी दौरान उसकी अपने 50 वर्षीय पिता संतलाल के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर देसराज ने चाकू से पिता पर हमला कर दिया।
हमले के बाद संतलाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल संतलाल को तुरंत उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने संतलाल को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी देसराज को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रगट सिंह का कहना है कि आरोपी देसराज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शनिवार सुबह आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।