थेहड़ पर रहने वाले परिवारों के पुर्नवास के लिए प्रशासन ने पंचायतों से जमीन मांगी हुई है। हालांकि शुरू में करीब नौ पंचायतों ने प्रस्ताव देने की पेशकश की थी। प्रशासन के निर्देश पर करीब 6 पंचायतों ने अपने प्रस्ताव पंचायत विभाग को भेज दिए हैं। प्रशासन को थेहड़ के परिवारों के पुर्नवास के लिए करीब 89 एकड़ जमीन चाहिए। लेकिन अभी तक 6 पंचायतों की 68 एकड़ जमीन के प्रस्ताव प्रशासन के पास पहुंचे हैं। करीब 21 एकड़ जमीन और चाहिए।
चोपटा खंड के गांव ढुकड़ा की पंचायत ने पहले पांच एकड़ जमीन प्रशासन को थेहड़ के लोगों के पुर्नवास के लिए देने की पेशकश की थी। लेकिन अब ढुकड़ा की जगह पर चाहरवाला गांव की पंचायत ने 11 एकड़ जमीन का प्रस्ताव प्रशासन के पास भेजा है। इसके अतिरिक्त अली मोहम्मद गांव की पंचायत ने 32 एकड़, मोहम्मदुपर सलारपुर की पंचायत ने 6 एकड़, भावदीन ने सात एकड़, झोरडनाली ने दो एकड़ और रंगडीखेड़ा की पंचायत ने अब दस एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव जिला पंचायत एवं विकास विभाग को भेज दिया है। पहले झोरडनाली ने पांच एकड़ जमीन देने की पेशकश की थी। जबकि हांडीखेड़ा की जमीन का कोर्ट केस चल रहा है। इसलिए पंचायत ने कोर्ट केस की जानकारी विभाग को दी थी। इसके अतिरिक्त केलनियां ने आठ एकड़, और ढाणी 400 ने भी 17 एकड़ और सिकंदरपुर ने भी पांच एकड़ जमीन देने की पेशकश की है, लेकिन अभी इनके प्रस्ताव आए नहीं है।
ये है थेहड़ का मामला
सिरसा में बसे थेहड़ को पुरातत्व विभाग ने एतिहासिक धरोहर बताते हुए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने फैसला पुरातत्व विभाग के पक्ष में दिया था। इस फैसले को थेहड़वासियों ने चुनौती दी है। कोर्ट के निर्देश पर पहले 33 एकड़ जगह को खाली करवाया जा चुका है। करीब थेहड़ के 752 परिवारों को हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 19 के फ्लैट में बसाया जा चुका है। प्रशासन के सर्वे में अभी भी थेहड़ पर करीब तीन हजार परिवार रहते हैं। ऐसे में यदि कोर्ट के आदेश पर इन लोगों को उठाना पड़ा तो इससे पहले प्रशासन ने इनके पुर्नवास के लिए जमीन तलाशनी शुरू की है। प्रशासन ने शहर के आसपास के नजदीकि पंचायतों से 89 एकड़ जमीन मांगी थी। इसके लिए करीब नौ पंचायतों ने जमीन देने की पेशकश की थी। लेकिन प्रस्ताव आने में देरी होने पर प्रशासन ने पंचायत विभाग को प्रस्ताव जल्द से जल्द भेजने के निर्देश दिए थे।
लॉकडाउन के कारण पंचायतों के प्रस्ताव आने में समय लग रहा है। कई पंचायतों ने प्रस्ताव भेजे दिए हैं, प्रशासन थेहड़ के लोगों के पुर्नवास के प्रति गंभीर है।
- कुलभूूषण बंसल, सीटीएम, सिरसा।