सीआईए पुलिस सिरसा द्वारा पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : Sirsa
जिला पुलिस ने विभिन्न जगहों से 112 ग्राम 60 मिलीग्राम हेरोइन के साथ छह युवकों को काबू किया। प्रथम घटना में जिला की सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बस स्टैंड, डिंग मोड़ क्षेत्र से कार सवार दो युवकों को 100 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान हरजिंद्र सिंह उर्फ बब्बी निवासी डबवाली और लखवीर सिंह उर्फ बोहर सिंह निवासी पथराला, बठिंडा पंजाब के रुप में हुई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए युवकों से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर तीन लोगों के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने बताया उक्त हेरोइन दिल्ली से लेकर आए थे जिसे डबवाली और पंजाब क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी।
वहीं एक अन्य मामले में जिला की सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने फ्लाई ओवर मलोट रोड, मंडी डबवाली क्षेत्र से बाइक सवार दो युवकों को सात ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान सोनू और बिट्टू निवासियान मंडी किलियांवाली के रूप में हुई है। सीआईए डबवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। तीसरे मामले में जिला की ऐलनाबाद थाना पुलिस ने वार्ड नं. 2, ऐलनाबाद क्षेत्र से दो युवकों को 5 ग्राम 60 मिलीग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान राकेश कुमार और सुनील कुमार उर्फ शिंटू निवासियान वार्ड नं. 12, ऐलनाबाद के रूप में हुई है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए युवकों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुडे़ अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।